धर्मांतरण के लिए बरगलाने की कोशिश के आरोप में व्यक्ति पर मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Mar 2025 08:40 PM
धर्मांतरण के लिए बरगलाने की कोशिश के आरोप में व्यक्ति पर मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

श्रावस्ती. श्रावस्ती जिले में ग्रामीणों का झाड़-फूंक से इलाज करने के नाम पर उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए बरगलाने की कोशिश करने के आरोप में एक व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) घनश्याम चौरसिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”श्रावस्ती जिले के इकौना थानांतर्गत भगवानपुर बनकटवा लोनपुरवा गांव में हरीश सिंह नामक व्यक्ति के विषय में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता एवं मीडिया के लोगों ने पुलिस को वीडियो दिखाकर आरोप लगाया था कि सिंह गांव में एक छप्पर के नीचे गरीब पुरूषों और महिलाओं को बुलाकर प्रभु ईसा मसीह का नाम लेकर झाड़ फूंक व अन्य तरीकों से कष्ट निवारण के नाम पर धर्म परिवर्तन के लिये बरगलाता है.” उन्होंने बताया कि हरीश सिंह कुछ वर्ष पूर्व लुधियाना (पंजाब) में रहने लगा था, जहां से अक्सर वह गांव आता जाता रहता था. इन दिनों वह गांव आया हुआ था.

चौरसिया ने बताया, ”सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी व प्रभारी निरीक्षक को मौके पर भेजा गया, अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस व अभिसूचना इकाई के अधिकारियों से युक्त एक कमेटी बनाकर जांच शुरू कराई गयी. आरोपी हरीश सिंह के खिलाफ सोमवार को उत्तर प्रदेश विधि विरूद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3 व 5 (गलत बयानी, बल, धोखाधड़ी या किसी तरह के अनुचित प्रभाव का इस्तेमाल कर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने या साजिश रचने) के तहत इकौना थाने में मामला दर्ज कराया गया है.”

चौरसिया ने बताया कि आरोपी हरीश सिंह फरार है, पुलिस की कई टीम उसकी तलाश में जुटी है और संभावित छिपने के स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. हरीश के पंजाब भागने की संभावना के मद्देनजर पुलिस टीम को पंजाब भेजा जाएगा. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नेपाल सीमा से सटा जिला होने के कारण सिंह के नेपाल भागने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. नेपाल सीमा पर तैनात अधिकारियों व जवानों को आरोपी का हुलिया इत्यादि भेजा जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu