धोखाधड़ी के आरोप में ट्रेडिंग फर्म के दो मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 02:33 PM
धोखाधड़ी के आरोप में ट्रेडिंग फर्म के दो मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

ठाणे: ठाणे पुलिस ने एक रसायन आपूर्तिकर्ता से 18.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक ट्रेडिंग फर्म के मालिक दंपति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के ठाणे शहर के नौपाडा थाने के एक अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि पीड़ित की कंपनी ने जनवरी और जून 2020 के बीच आरोपियों की कंपनी को रसायनों की आपूर्ति की, लेकिन वे कथित तौर पर भुगतान करने में विफल रहे।

शिकायत में कहा गया है कि बाद में आरोपियों ने एक चेक जारी किया जो बाउंस हो गया। प्राथमिकी में कहा गया है कि जब पीड़ित ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग में शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी, तो आरोपियों ने जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उनका पता नहीं चला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार, पीड़ित से 18,08,45,931 रुपये की धोखाधड़ी की गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार को आरोपी जयप्रकाश यादव और कुसुम यादव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 34 (समान मंशा से कई व्यक्तियों द्वारा किया गया कृत्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav