चोरी के संदेह में नाबालिगों की परेड कराने के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 01:48 PM
चोरी के संदेह में नाबालिगों की परेड कराने के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

भोपाल: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में चोरी के संदेह में तीन नाबालिगों को बांधकर परेड कराने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले रविवार को पुलिस ने तीन नाबालिगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया था। इन तीनों को रस्सी से बांधकर हरपालपुर कस्बे में घुमाया गया।

अधिकारी ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने और नाबालिगों में से एक की शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार शाम को कैलाश द्विवेदी और देव परमार के साथ-साथ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (अश्लील कृत्य), 115 (2) (चोट पहुंचाना), 351 (2) (आपराधिक धमकी), 3 (5) (साझा मंशा से कई लोगों द्वारा किया गया आपराधिक कृत्य) और 127 (2) (गलत तरीके से बंधक बनाना) तथा किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छतरपुर जिले के हरपालपुर कस्बे के पुरानी गल्ला मंडी इलाके में रविवार की सुबह, जेबकतरे और चोर होने के संदेह में तीन नाबालिगों को बांधकर घुमाया गया।
एक अधिकारी ने पहले बताया कि नाबालिगों की परेड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया, जिसके बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू की।

हरपालपुर थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने रविवार को बताया, “धर्मेंद्र राजपूत की शिकायत पर तीनों नाबालिगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। उस वीडियो की भी जांच की जा रही है जिसमें उन्हें बांध कर घुमाते दिखाया गया है।” कुछ निवासियों के अनुसार, इलाके में हाल ही में जेब काटने और मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चुराने की घटनाएं हुई हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav