केंद्र ने दिल्ली में 65 रुपये प्रति किलो के भाव पर टमाटर की बिक्री शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Oct 2024 07:24 PM
केंद्र ने दिल्ली में 65 रुपये प्रति किलो के भाव पर टमाटर की बिक्री शुरू की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्र ने सोमवार को आम आदमी को राहत देने और बिचौलियों द्वारा असामान्य रूप से कमाये जाने वाले मुनाफे पर लगाम लगाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 65 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर टमाटर बेचना शुरू किया. राष्ट्रीय राजधानी में टमाटर औसतन 90 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है. उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने 65 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से टमाटर बेचने वाली भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (एनसीसीएफ) की वैन को हरी झंडी दिखाई.

खरे ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”हम टमाटर की कीमतों को कम करने की कोशिश कर रहे हैं. इस बाजार हस्तक्षेप से अगले 3-4 दिन में टमाटर की कीमतें कम हो जाएंगी.” एनसीसीएफ ने मंडियों से सीधे टमाटर खरीदकर और उन्हें 65 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर बेचकर बाजार हस्तक्षेप शुरू किया है. मोबाइल वैन राष्ट्रीय राजधानी की 50 कॉलोनियों में टमाटर बेचेगी. बयान के अनुसार, यह हस्तक्षेप उपभोक्ताओं को टमाटर की कीमतों में हाल ही में हुई वृद्धि से बचाने और बिचौलियों को अप्रत्याशित लाभ कमाने से रोकने के लिए किया गया है.

उपभोक्ता मामलों के विभाग ने कहा, ”मंडियों में लगातार अच्छी मात्रा में आवक के बावजूद हाल के हफ्तों में टमाटर की खुदरा कीमत में काफी वृद्धि हुई है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में लंबे समय तक मानसून के कारण बारिश और उच्च आर्द्रता के कारण हाल के हफ्तों में गुणवत्ता संबंधी चिंताएं पैदा हुई हैं.” इसमें कहा गया है कि इस उच्च मांग वाले त्योहारी मौसम में मौजूदा कीमत बढ.ोतरी में बाजार के बिचौलियों की संभावित भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता है.

एनसीसीएफ देशभर के प्रमुख शहरों में खुदरा उपभोक्ताओं को सरकारी बफर से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्याज की आपूर्ति भी कर रहा है. खरे ने यह भी कहा कि विभाग म्यांमा से दालें और ऑस्ट्रेलिया से मटर का आयात कर रहा है. राष्ट्रीय राजधानी में आलू की औसत कीमत 40 रुपये प्रति किलोग्राम और प्याज की 58 रुपये प्रति किलोग्राम है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को आलू का अखिल भारतीय औसत मूल्य 36.89 रुपये प्रति किलोग्राम, प्याज का 54.36 रुपये प्रति किलोग्राम और टमाटर का 64.72 रुपये प्रति किलोग्राम था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu