ओडिशा सरकार ने संभावित चक्रवात अकवान से निपटने के लिए कमर कस ली है। चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए सरकार ने बचाव, सुरक्षित निकासी और आपातकालीन तैयारियों के लिए 6.5 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। मंगलवार को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया।

स्वीकृत राशि में सर्वाधिक पांच करोड़ रुपये गंजाम जिले को दिए गए हैं। वहीं, गजपति के लिए एक करोड़ और मलकानगिरी के लिए 50 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि का इस्तेमाल संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और आपातकालीन राहत एवं बचाव कार्यों में किया जाएगा।
10 जिलों में 53 टीमें तैनात
चक्रवात से निपटने के लिए राज्य के 10 जिलों में ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओड्राफ) की 42 और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, नवरंगपुर, पुरी, बालेश्वर और जगतसिंहपुर शामिल हैं।
इसके अलावा ओड्राफ की 18 और एनडीआरएफ की तीन टीमों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा सके। अधिकारियों को संभावित रूप से विस्थापित होने वाले लोगों की सूची राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
रेलवे ट्रैक और भूस्खलन वाले इलाकों पर विशेष नजर
बैठक में संवेदनशील रेलवे ट्रैक, पुलों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की जांच करने पर विशेष जोर दिया गया। खराब मौसम में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जरूरत पड़ने पर ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित करने या रद करने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही भूस्खलन की आशंका वाले गांवों की पहचान के लिए सैटेलाइट तस्वीरों और भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) तकनीक का इस्तेमाल करने को कहा गया है। अधिकारियों को समय रहते एहतियाती कदम उठाने और प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।