चंद्रयान-3 की सफलता गर्व का क्षण : प्रकाश राज

बेंगलुरु. सोशल मीडिया पर चंद्रयान-3 मिशन के बारे में टिप्पणी को लेकर आलोचना का सामना करने वाले अभिनेता प्रकाश राज ने बुधवार को चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ के बाद इतिहास रचने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई देते हुए इसे गर्व का क्षण करार दिया. अभिनेता प्रकाश राज को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर किए गए एक पोस्ट के लिए सोमवार को आलोचना का सामना करना पड़ा था, जिसे कई लोगों ने भारत के चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के मखौल के तौर पर लिया.

हालांकि, प्रकाश राज ने एक अन्य पोस्ट में आलोचकों का जवाब देते हुए कहा कि ”नफरत केवल नफरत देखती है’ और वह एक पुराने परिहास का संदर्भ दे रहे थे. प्रकाश राज (58) ने ‘एक्स’ पर अपने ताजा पोस्ट में कहा कि चंद्रमा के अनछुए दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ मानव जाति के लिए उत्सव का एक क्षण है.

प्रकाश राज ने कन्नड़ भाषा में की गई अपनी पोस्ट में कहा, ” भारत, मानव जाति के लिए यह गर्व का क्षण है. इसरो को धन्यवाद, चंद्रयान-3, विक्रम लैंडर……इसके अलावा उन सभी लोगों को विशेष रूप से धन्यवाद, जिन्होंने इसे संभव बनाया. आइए इसे दुनिया के और अधिक आश्चर्यों का पता लगाने का तरीका बनाएं. आइए, उत्सव मनाएं.” प्रकाश राज ने रविवार को एक कार्टून साझा किया था जिसमें एक व्यक्ति शर्ट और सरोंग (लुंगी के जैसा वस्त्र) पहने हुए है और एक बर्तन में चाय डाल रहा है. उन्होंने तस्वीर के साथ कन्नड़ में लिखा, ‘ ताजा खबर : चंद्रयान से पहली तस्वीर आई है# विक्रमलैंडर # बस पूछ रहा हूं’.”

प्रकाश राज ने कार्टून में दिख रहे व्यक्ति के बारे में विशेष तौर पर कुछ नहीं लिखा था लेकिन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख के सिवन के मखौल के तौर पर लिया और अभिनेता को आड़े हाथ लिया.
इसरो ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम की साफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की. भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ. इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर साफ्ट लैंडिंग कराने वाला दुनिया का पहला देश तथा चांद की सतह पर साफ्ट लैंडिंग करने वाले चार देशों में शामिल हो गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button