भारत चेन्नई में जन्मीं भारतीय-अमेरिकी ने जीता ‘मिस इंडिया यूएसए’ 2024 का खिताब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Dec 2024 09:58 PM
भारत चेन्नई में जन्मीं भारतीय-अमेरिकी ने जीता ‘मिस इंडिया यूएसए’ 2024 का खिताब
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. चेन्नई में जन्मीं भारतीय अमेरिकी किशोरी कैटलिन सैंड्रा नील ने न्यूजर्सी में आयोजित वार्षिक सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस इंडिया यूएसए’ 2024 जीती है. कैटलिन (19) डेविस के कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, ” मैं अपने समुदाय पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ना चाहती हूं और महिला सशक्तीकरण तथा साक्षरता पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हूं.” कैटलिन का जन्म चेन्नई में हुआ था और वह पिछले 14 वर्षों से अमेरिका में रह रही हैं. वह वेब डिज.ाइनर बनने के अलावा मॉडलिंग तथा एक्टिंग में भी अपना करियर बनाना चाहती हैं.

भारत महोत्सव समिति (आईएफसी) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में इलिनोइस की संस्कृति शर्मा को ‘मिसेज इंडिया यूएसए’ और वाशिंगटन की अर्शिता कठपालिया को ‘मिस टीन इंडिया यूएसए’ का खिताब दिया गया. ‘मिस इंडिया यूएसए’ 2023 रिजुल मैनी और ‘मिसेज इंडिया यूएसए’ 2023 स्नेहा नांबियार ने क्रमश? कैटलिन सैंड्रा नील और संस्कृति शर्मा को ताज पहनाया.

इलिनोइस की निराली देसिया और न्यूजर्सी की मानिनी पटेल को ‘मिस इंडिया यूएसए’ प्रतियोगिता में प्रथम उपविजेता और द्वितीय उपविजेता घोषित किया गया. एक विज्ञप्ति में कहा गया कि वर्जीनिया की सपना मिश्रा और कनेक्टिकट की चिन्मयी अयाचित को ‘मिसेज इंडिया यूएसए’ प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय उप विजेता घोषित किया गया. रोड आइलैंड की धृति पटेल और सोनाली शर्मा को किशोर वर्ग में प्रथम और द्वितीय उप विजेता घोषित किया गया. प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित की गईं जिनमें 25 राज्यों से 47 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu