छत्तीसगढ़: 41 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 26 Nov 2025 02:49 PM
छत्तीसगढ़: 41 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक करोड़ 19 लाख रुपए के इनामी 32 नक्सलियों समेत 41 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में आज 41 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

उन्होंने बताया कि इनमें पंडरू हपका उर्फ मोहन (37), उसकी पत्नी बंडी हपका (35), लक्खू कोरसा (37), बदरू पुनेम (35), सुखराम हेमला (27) उसकी पत्नी मंजूला हेमला उर्फ शांति (25), मंगली माडवी उर्फ शांति (29), जयराम कडियम (28) और पांडो मडकम उर्फ चांदनी (35) पर आठ-आठ लाख रुपए का इनाम था।

अधिकारियों ने बताया कि वहीं आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली माटा कडियम उर्फ मंगल (28), जमली कडियम (26) और जोगी मडकम उर्फ मालती (28) पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम था। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 12 नक्सलियों पर दो-दो लाख रुपए तथा आठ नक्सलियों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम था।

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्यों के अलावा तेलंगाना स्टेट कमेटी और धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड डिवीजन के नक्सली भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राज्य शासन द्वारा अपनाई गई व्यापक नक्सल उन्मूलन नीति ने दक्षिण बस्तर क्षेत्र में स्थायी शांति की मजबूत नींव स्थापित की है। पुलिस, सुरक्षाबलों, स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के जागरुक नागरिकों के सामूहिक तथा समन्वित प्रयासों से ंिहसा और भय की संस्कृति को संवाद और विकास की संस्कृति में बदलने में बड़ी सफलता मिली है।

उन्होंने बताया कि मुख्यधारा में लौटने वाले नक्सलियों ने भारतीय संविधान में आस्था व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जीने का संकल्प लिया है। पुनर्वास प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पण करने वाले प्रत्येक नक्सली को 50-50 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस वर्ष 528 माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं तथा 560 माओवादी मुख्यधारा में शामिल हुए हैं। वहीं जिले में अलग-अलग मुठभेड़ में कुल 144 माओवादी मारे गए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital