छत्तीसगढ़: दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत, नौ अन्य लोग घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Mar 2025 08:13 PM
छत्तीसगढ़: दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत, नौ अन्य लोग घायल
ऑडियो सुनें

महासमुंद/बेमेतरा. छत्तीसगढ़ के महासमुंद और बेमेतरा जिले में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में राजस्व विभाग के अधिकारी समेत नौ लोगों की मौत हो गई है और नौ अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि महासमुंद जिले के खल्लारी थानाक्षेत्र के अंतर्गत ओंकारबंद गांव के करीब ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में कार सवार राजस्व निरीक्षक तहार सिंह ठाकुर, उनकी पत्नी विनदेशवरी ठाकुर (50), तीन बेटियां तृप्ति ठाकुर (25), वैभवी ठाकुर (20) और सरोजनी ठाकुर तथा कार चालक की मौत हो गई.

उन्होंने बताया कि बागबाहरा निवासी तहार सिंह ठाकुर अपने परिवार के साथ एक कार में सवार होकर महासमुंद से बागबाहरा की ओर रवाना हुए थे. अधिकारियों ने बताया कि वे जिले के पिथौरा गांव में पदस्थ थे. उन्होंने बताया कि दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर ओंकारबंद गांव के करीब उस समय हुई जब उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई.

अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में विनदेशवरी, तृप्ति, वैभवी और सरोजनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा तहार सिंह, कार चालक और ट्रक चालक अजय भोई गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन तहार सिंह और कार चालक की रास्ते में ही मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालक अजय भोई को महासमुंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

उन्होंने बताया कि राज्य के बेमेतरा जिले के कोतवाली थानाक्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई. बेमेतरा शहर कोतवाली थाना के प्रभारी राकेश साहू ने बताया की कबीरधाम जिले के मरका गांव निवासी वैष्णव परिवार एक कार में सवार होकर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर गये थे.

उन्होंने बताया कि जब वह होली मनाने के लिए अपने गांव मरका लौट रहे थे तभी अपराह्न लगभग तीन बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में कार का टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर एक सूखी नहर में जा गिरी. साहू ने बताया कि इस घटना में तीन लोगों खुशबू वैष्णव, उनकी बेटी साक्षी वैष्णव और एक युवक कमल चक्रधारी की मौत हो गई तथा आठ अन्य लोग घायल हो गए.

उन्होंने बताया कि घायलों में पांच बच्चे, दो महिला और वाहन चालक शामिल हैं. पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा घायलों को अस्पताल भेजा गया. उन्होंने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और मामले की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu