छत्तीसगढ़: युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में ‘डायल-112’ वाहन के चालक सहित दो लोग हिरासत में

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 19 वर्षीय युवती से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने ‘डायल-112’ वाहन के चालक सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना आठ जनवरी की रात बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, पांच आरोपियों में से एक को पीड़िता का परिचित बताया जा रहा जिसने उसे फोन कर बुलाया और बांकीमोंगरा इलाके में एक सुनसान घर ले गया। आरोप है कि वहां वाहन चालक और चार अन्य आरोपियों ने युवती से कथित तौर पर दुष्कर्म किया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। बाद में वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर शुक्रवार को सिविल लाइंस थाना में ‘जीरो’ प्राथमिकी दर्ज कर मामले को जांच के लिए बांकीमोंगरा थाना भेज दिया गया। कोरबा जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि ‘डायल-112’ सेवा के निजी वाहन चालक सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button