चीन का अमेरिका पर पलटवार, गैलियम समेत उच्च प्रौद्योगिकी सामग्रियों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Dec 2024 08:13 PM
चीन का अमेरिका पर पलटवार, गैलियम समेत उच्च प्रौद्योगिकी सामग्रियों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया
ऑडियो सुनें

बीजिंग. चीन ने मंगलवार को अमेरिका को गैलियम, जर्मेनियम, एंटीमनी और संभावित सैन्य उपयोग वाली अन्य प्रमुख उच्च-प्रौद्योगिकी सामग्रियों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की. चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने इस कदम की घोषणा अमेरिका द्वारा कंप्यूटर चिप बनाने वाले उपकरण, सॉफ्टवेयर और उच्च बैंडविड्थ मेमोरी चिप के निर्यात पर नियंत्रण के अधीन चीनी कंपनियों की अपनी सूची का विस्तार करने के बाद की. इन चिप का इस्तेमाल उन्नत अनुप्रयोगों के लिए होता है.

व्यापार प्रतिबंधों को ऐसे समय में बढ़ाया जा रहा है, जब नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन और अन्य देशों से आयात पर शुल्क में भारी वृद्धि करने की चेतावनी दे रहे हैं. इससे व्यापार और प्रौद्योगिकी पर बढ़ते तनाव के और बढ़ने की संभावना है. चीन के विदेश मंत्रालय ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

चीन ने पहले निर्यातकों को गैलियम जैसी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सामग्री को अमेरिका भेजने के लिए लाइसेंस के लिए आवेदन करने की आवश्यकता बताई थी. अमेरिका की तथाकथित ‘कंपनी सूची’ में हाल ही में शामिल की गई लगभग सभी 140 कंपनियां चीन में स्थित हैं. हालांकि, जापान, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर में कुछ कंपनियां चीन के स्वामित्व वाली हैं.

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने इसका विरोध किया और कहा कि वह चीन के ‘अधिकारों और हितों’ की रक्षा के लिए कार्रवाई करेगा.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, “चीन ने सेमीकंडक्टर निर्यात नियंत्रण उपायों को अद्यतन करने, चीनी कंपनियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने और चीन की प्रौद्योगिकी प्रगति के दुर्भावनापूर्ण दमन के लिए अमेरिका के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है.”

लिन ने कहा, ” चीन अमेरिका द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा की अवधारणा को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने, निर्यात नियंत्रण उपायों के दुरुपयोग, तथा चीनी कंपनियों के खिलाफ अवैध एकतरफा प्रतिबंधों और लंबे समय तक अधिकार क्षेत्र लगाने का दृढ़ता से विरोध करता है.” चीन में मिलने वाले खनिजों का इस्तेमाल कंप्यूटर चिप, कारों और अन्य उत्पादों में किया जाता है.

चीन ने जुलाई, 2023 में कहा था कि उसे निर्यातकों को गैलियम और जर्मेनियम जैसी सामरिक रूप से महत्वपूर्ण सामग्री अमेरिका भेजने के लिए लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा. अगस्त में, चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि वह एंटीमनी के निर्यात को प्रतिबंधित करेगा और ग्रेफाइट के निर्यात पर सख्त नियंत्रण लगाएगा. एंटीमनी का इस्तेमाल बैटरी से लेकर हथियारों तक कई तरह के उत्पादों में किया जाता है. ऐसे खनिजों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है. साल 2021 के अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, चीन एंटीमनी का एक प्रमुख उत्पादक है, जिसका उपयोग अग्निरोधी, बैटरी, अंधेरे में देखने में सक्षम बनाने वाले चश्मे और परमाणु हथियार बनाने में किया जाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu