‘कोचिंग सेंटर’ हादसा : ‘बेसमेंट’ के मालिक समेत पांच और लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jul 2024 10:17 PM
‘कोचिंग सेंटर’ हादसा : ‘बेसमेंट’ के मालिक समेत पांच और लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में एक कोचिंग संस्थान की चार मंजिला इमारत के ‘बेसमेंट’ में पानी भर जाने के कारण सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन विद्यार्थियों की मौत होने के मामले में एक वाहन के मालिक और ‘बेसमेंट’ के चार सह मालिकों सहित पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. इसी के साथ इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर सात हो गई है.

पांचों आरोपियों में तेजिंदर सिंह, परविंदर सिंह, हरविंदर सिंह और सरबजीत सिंह, ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग सेंटर के बेसमेंट के चार सह-मालिक हैं तथा कार चालक मनुज कथूरिया हैं. इन्हें यहां एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 12 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उनकी जमानत याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होगी.

कथूरिया शनिवार को अपनी स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से उस सड़क पर गुजरे जहां बारिश का पानी भरा था. वाहन गुजरने बाद पानी के दबाव से तीन मंजिला इमारत के गेट टूट गए और बेसमेंट में पानी भर गया. एसयूवी को जब्त कर लिया गया है.
दिल्ली पुलिस ने ‘राव आईएएस स्टडी र्सिकल’ के मालिक और समन्वयक को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम. हर्षवर्धन ने बताया कि इमारत की प्रत्येक मंजिल का मालिक अलग-अलग व्यक्ति है.

उन्होंने कहा, ”राजेंद्र नगर में कोचिंग संस्थान की इमारत में अचानक पानी भरने के मामले में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसमें ‘बेसमेंट’ का मालिक और उस वाहन का चालक भी शामिल है, संभवत: जिसके कारण इमारत का गेट क्षतिग्रस्त हो गया (इसकी वजह से ‘बेसमेंट’ में पानी भर गया).” पुलिस ने बताया कि कार बारिश के पानी में चल रही थी, जिसके कारण पानी का बहाव बढ़ गया और ‘बेसमेंट’ का दरवाजा टूट गया.

अधिकारी ने कहा कि पुलिस इस घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पास मौजूद दस्तावेजों में कहा गया है कि कोचिंग सेंटर बेसमेंट का उपयोग स्टोर रूम के रूप में कर रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu