गुजरात में कच्छ तट के पास से 120 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Oct 2024 08:11 PM
गुजरात में कच्छ तट के पास से 120 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद
ऑडियो सुनें

गांधीधाम. गुजरात के कच्छ जिले में गांधीधाम शहर के निकट एक खाड़ी क्षेत्र से 12 किलोग्राम कोकीन से भरे दस लावारिस पैकेट बरामद किए गए हैं, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 120 करोड़ रुपये आंकी गई है. कच्छ-पूर्व संभाग के पुलिस अधीक्षक सागर बागमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तस्करों ने संभवत: पकड़े जाने से बचने के लिए खाड़ी के पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ छिपाया होगा. उन्होंने बताया कि एक साल में इसी खाड़ी क्षेत्र से मादक पदार्थ की यह तीसरी बड़ी बरामदगी है.

बागमार ने कहा, ”एक विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार रात खाड़ी के पास के इलाके की तलाशी ली और 120 करोड़ रुपये मूल्य के कोकीन से भरे 10 लावारिस पैकेट बरामद किए. तस्करों ने पकड़े जाने से बचने के लिए शायद इसे वहां छिपा दिया था.” उन्होंने कहा कि आगे की जांच की जा रही है.

इस साल जून में, आतंकवाद रोधी दस्ते और स्थानीय पुलिस के एक संयुक्त दल ने उसी क्षेत्र से कोकीन के 13 लावारिस पैकेट बरामद किए थे, जिसकी कीमत 130 करोड़ रुपये आंकी गई थी. पिछले साल सितंबर में, कच्छ-पूर्व पुलिस ने उसी खाड़ी क्षेत्र से कोकीन के 80 पैकेट बरामद किए थे, जिनमें से प्रत्येक का वजन एक किलोग्राम था और कुल मिलाकर इसकी कीमत 800 करोड़ रुपये आंकी गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu