इजराइल पर आतंकी हमले कर रहे ‘फलस्तीनियों’ का समर्थन कर रही कांग्रेस : कैलाश विजयवर्गीय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Oct 2023 10:00 PM
इजराइल पर आतंकी हमले कर रहे ‘फलस्तीनियों’ का समर्थन कर रही कांग्रेस : कैलाश विजयवर्गीय
ऑडियो सुनें

इंदौर/वाशिम/भोपाल. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को कांग्रेस के खिलाफ निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भारत का विपक्षी दल इजराइल पर आतंकी हमले कर रहे ‘फलस्तीनियों’ का समर्थन कर रहा है. भाजपा द्वारा इंदौर-1 सीट से विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार घोषित विजयवर्गीय ने संवाददाताओं से कहा, ”इजराइल और फलस्तीन का युद्ध जारी है. देश (भारत) के प्रधानमंत्री इजराइल के साथ हैं, जबकि कांग्रेस उन फलस्तीनियों के साथ है जो (इजराइल पर) आतंकवादी हमले कर रहे हैं.”

विजयवर्गीय ने कहा, ”मैंने कहा ना कि कांग्रेस का हाथ, आतंकवादियों के साथ.” उन्होंने कहा कि देश की जनता को भी इस बात की चिंता करते हुए तय करना चाहिए कि कांग्रेस का ध्यान किधर है और यह पार्टी किसका समर्थन कर रही है? भाजपा महासचिव ने दावा किया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के मध्य प्रदेश के चुनावी दौरों का मतदाताओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि कांग्रेस ने देश भर में अपनी विश्वसनीयता खो दी है.

उन्होंने कहा, ”राहुल और प्रियंका के प्रति राज्य के लोगों को विश्वास नहीं है क्योंकि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान दोनों नेताओं द्वारा मतदाताओं से किया गया एक भी वादा कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पूरा नहीं कर सकी थी.” मंडला की हालिया रैली में शामिल प्रियंका गांधी वाद्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में विजयवर्गीय ने कहा,”मुझे लगता है कि प्रियंका बड़ी नेता हैं. इसलिए कोई टिप्पणी तो नहीं करूंगा, पर प्रियंका का आंख मारना और राहुल का एकदम मंच पर अपनी बहन को चूमना जनता देख रही है. उनका अपना एक संस्कार और अपनी संस्कृति है, पर ये चीजें भारतीय संस्कृति से मेल नहीं खातीं.”

फडणवीस ने कांग्रेस से पूछा : एक ही परिवार से इतने सारे प्रधानमंत्री क्यों हुए

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को सवाल किया कि कांग्रेस अगर ‘जितनी आबादी, उतनी भागीदारी’ के सिद्धांत में विश्वास करती है तो उसके शासनकाल में एक ही परिवार से ‘इतने सारे’ प्रधानमंत्री क्यों बने. महाराष्ट्र के वाशिम जिले में भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा द्वारा आयोजित ‘ओबीसी जागर यात्रा’ को संबोधित करते हुये फडणवीस ने कहा कि भाजपा शासन के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग को राजनीतिक सत्ता और कल्याण लाभों में पर्याप्त हिस्सेदारी मिल रही है.

देश में जाति आधारित जनगणना पर जोर देने वाली कांग्रेस ‘जितनी आबादी, उतनी भागीदारी’ के नारे का इस्तेमाल कर रही है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके भाजपा नेता ने इस नारे का जिक्र करते हुये पूछा, ”फिर, इतने सारे प्रधानमंत्री केवल एक ही परिवार से क्यों आए. क्या वे इस प्रश्न का उत्तर देंगे.” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की पार्टी (शिवसेना) ने एक समय मंडल आयोग की रिपोर्ट का विरोध किया था. उन्होंने कहा कि आज देश में ओबीसी प्रधानमंत्री हैं और ऐसे नेता हैं जो ओबीसी के लिये काम करने के वास्ते खड़े हैं.

फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं का लाभ अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और ओबीसी तक पहुंचता है. उन्होंने कहा कि लगभग 60 प्रतिशत केंद्रीय मंत्री इन समुदायों से हैं. उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि इसी तरह, फसल बीमा का 71 प्रतिशत लाभ इन समुदायों को जाता है और वे पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 80 प्रतिशत लाभार्थी भी हैं. उन्होंने कहा कि विभिन्न शैक्षणिक छात्रवृत्ति के 58 प्रतिशत लाभार्थी एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों से हैं.

कांग्रेस के एक कार्यक्रम में स्थानीय पार्टी नेताओं के बीच हुयी झड़प का हवाला देते हुये फडणवीस ने कहा, ”(कांग्रेस नेता) राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान की बात करते हैं, लेकिन मोहब्बत किसी दुकान में नहीं होता है बल्कि इसे हमारे दिल में होना चाहिए और हमने कांग्रेस के प्रेम की दुकान कल नागपुर में देखी.” उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस के 17 प्रतिशत मुख्यमंत्री ओबीसी थे, वहीं भाजपा के मामले में यह अनुपात 31 प्रतिशत है. फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने ओबीसी के लिए एक अलग मंत्रालय शुरू किया है. उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि मराठा और धनगर समुदायों को महाराष्ट्र में आरक्षण मिले.

प्रियंका को झूठी घोषणाएं करने के लिए मजबूर कर रहे हैं नाथ : शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में छात्रों को निशुल्क शिक्षा और नकद प्रोत्साहन देने का वादा करने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमल नाथ गांधी परिवार पर झूठी घोषणाएं करने का दबाव बनाकर उन्हें भी धोखा दे रहे हैं.

चौहान 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बृहस्पतिवार को आदिवासी बहुल मंडला जिले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के एक सार्वजनिक संबोधन का जिक्र कर रहे थे. चौहान ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा ,”पहले गांधी परिवार ने सभी को धोखा दिया लेकिन अब कमलनाथ गांधी परिवार को धोखा दे रहे हैं. जिस तरह से प्रियंका गांधी को घोषणा करने के लिए कहा गया, मैंने वह वीडियो देखा है. वह कई घोषणाएं करके बैठ चुकी थीं..फिर उन्होंने कहा एक और अहम घोषणा …

चौहान ने कहा कि जब प्रियंका ने घोषणा की कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो मध्य प्रदेश में कक्षा एक से 12वीं तक के बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी, तब कमलनाथ उनके पास गए और उनसे कुछ सुधार करने को कहा. मुख्यमंत्री ने कहा,” प्रियंका ने कहा, आप बोलें लेकिन नाथ ने जोर देकर कहा कि केवल वही बोलें और फिर उन्होंने भाषण पढ.ना शुरू किया और घोषणा की कि कक्षा एक से आठवीं तक 500 रुपये, 8-10वीं तक 1,000 रुपये और 10वीं-12वीं तक 1,500 रुपये प्रतिवर्ष दिए जाएंगे.” चौहान ने दावा किया कि तभी कांग्रेस महासचिव और पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला प्रियंका के पास आए और उनसे घोषणा में प्रति वर्ष के बजाय प्रति माह करने को कहा.

चौहान ने कहा, ” …लेकिन मैडम ने कहा कि भाषण में ‘प्रतिवर्ष’ लिखा था..जरा सोचिए, वे पहले कुछ लिखते हैं..और उसे पढ.ने के लिए कहते हैं..उनकी गंभीरता देखिए….फिर इसे ‘प्रतिवर्ष’ से बदलकर ‘प्रतिमाह’ कर देते हैं. उनका न तो कुछ करने का इरादा है, न देने का, न लेने का.” उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने (कमलनाथ) राहुल गांधी (तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष) से झूठी घोषणा करवाई थी कि अगर किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया तो 10 दिनों के भीतर मुख्यमंत्री बदल दिया जाएगा. वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि वोट मांगने के लिए लोगों को भ्रमित करना कांग्रेस की नीति है.

चौहान ने दावा किया कि बृहस्पतिवार को मंडला में अपने भाषण के दौरान, प्रियंका ने घोषणा की कि उनकी पार्टी राज्य में कक्षा एक-12वीं तक के स्कूली बच्चों को हर महीने नकद प्रोत्साहन देगी और निशुल्क शिक्षा प्रदान करेगी, लेकिन महत्वपूर्ण घोषणा पढ.ते समय वह इस पर भी स्पष्ट नहीं थीं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मप्र चुनाव के लिए अपने 2018 के घोषणापत्र में स्कूल की वर्दी, पाठ्यपुस्तकें और उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री मुफ्त देने का वादा किया था लेकिन बाद में मेधावी छात्रों के लिए लैपटॉप, साइकिल और छात्रवृत्ति जैसी भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को बंद कर दिया गया.

चौहान ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने लोगों को मुफ्त में घर देने का वादा किया था, लेकिन “40 प्रतिशत अनुदान देने में असमर्थता” के आधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को घर देने से इनकार कर दिया. चौहान ने कहा, ”उन्होंने मोदी जी के घर और मामा (चौहान) के लैपटॉप, साइकिल और छात्रों की फीस छीन ली और अब फिर से लोगों को धोखा देने आए हैं.. वे यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि छात्रों को हर महीने नकद प्रोत्साहन दें या हर साल. यह कांग्रेस का झूठ है. उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से झूठ बुलवाया..लेकिन जनता सब जानती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu