कांग्रेस आपकी संपत्ति ‘वोट जिहाद’ में शामिल लोगों में बांटना चाहती है: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 May 2024 07:10 PM
कांग्रेस आपकी संपत्ति ‘वोट जिहाद’ में शामिल लोगों में बांटना चाहती है: मोदी
ऑडियो सुनें

चाईबासा/बर्द्धमान. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर ‘वोट जिहाद’ में शामिल लोगों को आम जनता की संपत्ति सौंपने की योजना बनाने का आरोप लगाया और कहा कि दुनिया की किसी भी ताकत को भारत का संविधान बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
यहां स्थित टाटा कॉलेज मैदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘महा विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ”कांग्रेस आपकी संपत्ति वोट जिहाद में शामिल लोगों को बांटना चाहती है लेकिन मोदी सुनिश्चित करेगा कि गरीबों, दलितों और आदिवासियों का देश की संपत्ति पर पहला अधिकार हो. पृथ्वी पर किसी भी ताकत को हमारे संविधान को बदलने या उससे छेड़छाड़ की अनुमति नहीं दी जाएगी.”

उन्होंने कहा, ”अब कांग्रेस की नजर एससी, एसटी, आदिवासी और ओबीसी के आरक्षण पर डाका डालने पर है. कांग्रेस को गुस्सा इसलिए है, क्योंकि आदिवासी, दलित, गरीब और ओबीसी बीजेपी का समर्थन करते हैं. कांग्रेस आपके आरक्षण पर डाका डालकर मुसलमानों को देना चाहती है. ये धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं.” राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह संथाल परगना में घुसपैठ को संरक्षण दे रही है और पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल की तरह वोट बैंक की राजनीति कर रही है.

उन्होंने कहा, ”इससे यहां आदिवासियों की आबादी में कमी आई है. हमारी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. झामुमो और कांग्रेस आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं. उन्होंने सेना की जमीन को भी नहीं बख्शा है. उनके नेता भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं चाहे वह शराब हो, खनन हो या बालू हो. वे झारखंड के खनिज संसाधनों को लूट रहे हैं.” मोदी ने कहा कि भाजपा ने अलग झारखंड राज्य बनाया जबकि झामुमो ने ‘इंडिया’ गठबंधन के ऐसे नेताओं से हाथ मिलाया है जो कहते थे कि उनके शवों पर ही अलग राज्य बनाया जा सकता है.

तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के हिन्दुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने पश्चिम बंगाल में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाकर छोड़ दिया है और उसके नेतृत्व वाली सरकार यहां भ्रष्टाचार के साथ ही तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त है तथा राज्य में लोकतंत्र की कब्र खोद रही है.

बर्धमान-दुर्गापुर और कृष्णानगर में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई से स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) घोटाले के कारण नौकरी गंवाने वाले ‘वास्तविक शिक्षकों और उम्मीदवारों’ की मदद के लिए एक अलग कानूनी प्रकोष्ठ बनाने को कहा है. मोदी ने कहा कि विभिन्न घोटालों के जरिए बंगाल की जनता को लूटने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और यह ‘मोदी की गारंटी’ है.

मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर की एक कथित टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”बंगाल में हिंदू दोयम दर्जे के नागरिक क्यों बन गए हैं… टीएमसी के एक विधायक ने हाल ही में बयान दिया था कि वे हिंदुओं को भागीरथी नदी में फेंक देंगे. यह किस तरह की राजनीति है? क्या तृणमूल कांग्रेस के लिए मानवता से ज्यादा तुष्टीकरण महत्वपूर्ण है?” प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें राम मंदिर, रामनवमी, शोभा यात्रा और जय श्रीराम के नारों तक से समस्या है. एसएससी घोटाले से जुड़ी शिकायतों के समाधान के प्रयास के तहत मोदी ने प्रभावित व्यक्तियों, खासकर नौकरी गंवाने वाले वास्तविक उम्मीदवारों की मदद का आश्वासन दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu