
चाईबासा/गढ़वा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस पर आदिवासियों के आरक्षण को छीनकर उन्हें अपने ‘वोट बैंक’ को सौंपने का प्रयास करने का आरोप लगाया. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उनकी पूजा करते हैं, जिन्हें दूसरों ने खारिज कर दिया है.
उन्होंने कहा, ”बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए आरक्षण का प्रावधान सुनिश्चित किया लेकिन (प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल) नेहरू जी ने इसका विरोध किया था. गांधी परिवार ने तब तक आरक्षण का विरोध किया जब तक वे नेहरू के बाद सत्ता में रहे. अब एक बार फिर उन्होंने खुले तौर पर घोषणा की है कि वे आदिवासियों के आरक्षण को खत्म कर देंगे. वे आदिवासी आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक को सौंप देंगे.”
प्रधानमंत्री ने कहा, ”उन्होंने (कांग्रेस ने) एक और रणनीति तैयार की है. वे विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों को अल्पसंख्यक संस्थान घोषित कर रहे हैं. इससे आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों का आरक्षण रोका जा रहा है. कांग्रेस की इस साजिश से सावधान रहें.” उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सत्तारूढ. गठबंधन ने फर्जी दस्तावेज बनाने के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को सुविधा देकर आदिवासी ‘पहचान, गरिमा और अस्तित्व’ को दांव पर लगा दिया है.
उन्होंने कहा, ”घुसपैठिए आपकी बेटियों को छीन रहे हैं, जमीन हड़प रहे हैं और आपकी रोटी खा रहे हैं.” उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनसांख्यिकी को बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं. मोदी ने कहा, ”मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि झारखंड में भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठ पर रोक लगाने के लिए हर कदम उठाए जाएंगे. अवैध तरीके से हड़प की गई भूमि को फिर से आदिवासी बेटियों के ?नाम करने के लिए कानून लाए जाएंगे.” उन्होंने कहा कि पंचायत अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार (पेसा) कानून के क्रियान्वयन से पंचायतों को मजबूत किया जाएगा.
उन्होंने झारखंड में भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन और महाराष्ट्र में एक महिला नेता को ‘अपमानित’ करने के लिए कांग्रेस नीत विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करना उनकी आदत है. वह हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन के खिलाफ कांग्रेस मंत्री इरफान अंसारी की अपमानजनक टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे. मोदी ने इस मुद्दे पर चुप रहने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा.
मोदी ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत की शिवसेना उम्मीदवार शाइना एनसी को निशाना बनाने वाली टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा, ”विपक्ष ने महाराष्ट्र में एक महिला नेता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. माताएं और बेटियां सदमे में हैं, लोग उन्हें सबक सिखाएंगे.” प्रधानमंत्री ने 1980 के दशक में हुए गुआ गोली कांड का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह की बर्बरता अंग्रेजों ने की थी, वैसी ही बर्बरता यहां कांग्रेस सरकार ने उस समय आदिवासियों का खून बहा कर की थी.
उन्होंने कहा, ”यहां कांग्रेस सरकार ने हमारे आदिवासी भाइयों को गोलियों से भून दिया था. हमारे वो आदिवासी पूर्वज सिर्फ अपना हक मांग रहे थे, वो अलग झारखंड राज्य मांग रहे थे. उस समय राजद के नेता भी कहते थे कि झारखंड उनकी लाश पर बनेगा. आपके सपनों से इतनी नफरत है इन लोगों को. जो राजद, झारखंड बनाने को सहमत नहीं था, आज झामुमो उस राजद की गोद में बैठ गई है.” उन्होंने कहा, ”कोल्हान क्षेत्र ने शक्तिशाली ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ विद्रोह किया था और अब वह झारखंड से अत्याचारी झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है.” कोल्हान क्षेत्र में तीन जिले- पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं. इनमें कुल मिलाकर 14 सीट हैं, जिनमें से नौ आदिवासियों के लिए आरक्षित हैं.
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि झामुमो नीत गठबंधन ने राज्य के युवाओं को ‘भर्ती माफिया’ के हाथों ‘सौंप दिया’ और लगातार पेपर लीक से उनका भविष्य बर्बाद कर दिया. उन्होंने कथित अनियमितताओं की जांच कराने और राज्य में भाजपा के सत्ता में आने पर विभिन्न सरकारी विभागों में तीन लाख युवाओं की भर्ती करने का अभियान शुरू करने का वादा किया.
कई कल्याणकारी योजनाओं का वादा करते हुए मोदी ने कहा, ”गरीब का संघर्ष क्या होता है, मैंने उसको जिया है, निकट से देखा है. पिछले 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है. झारखंड में भी गरीबी दूर करने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है.” उन्होंने कहा कि नर्सों की वैश्विक स्तर पर जरूरत है और झारखंड जैसे राज्य अपने युवाओं के कौशल को निखारकर इसका लाभ उठा सकते हैं.
उन्होंने कहा, ” अकेले जर्मनी भारत से प्रति वर्ष 90,000 लोगों को चाहता है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल भाजपा ही है जो आदिवासियों को मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त करके उनका सम्मान करती है. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस ने कभी किसी आदिवासी को पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनने दिया और एक आदिवासी महिला को भारत का राष्ट्रपति बनाने के भाजपा के कदम का विरोध किया.” चुनावों में भाजपा की संभावनाओं के बारे में विश्वास जताते हुए मोदी ने कहा कि इस बार झारखंड में इतिहास लिखा जाएगा. झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 13 और 20 नवंबर को होगा.
झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन ‘घुसपैठिया समर्थक’ और ‘माफिया का गुलाम’: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन पर तुष्टिकरण की नीति को चरम पर पहुंचाने का आरोप लगाया और उन्हें ‘घुसपैठिया समर्थक’ और ‘माफिया का गुलाम’ करार देते हुए कहा कि अगर उनकी यही ‘कुनीति’ जारी रही तो राज्य में आदिवासी समाज का दायरा सिकुड़ जाएगा.
यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद के मुद्दे पर भी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गठबंधन को घेरा और दावा किया कि आज झारखंड में हर तरफ ‘रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-राजग की सरकार’ की ही गूंज है.
उन्होंने कहा, ”झामुमो-कांग्रेस-राजद ने तुष्टिकरण की नीति को चरम पर पहुंचा दिया है. ये तीनों दल सामाजिक ताना-बाना तोड़ने पर आमादा हैं. ये तीनों दल घुसपैठिया समर्थक हैं. बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट पाने के लिए ये उन्हें पूरे झारखंड में बसा रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”जब स्कूलों में सरस्वती वंदना तक पर रोक लगने लगे तो पता चलता है कि खतरा कितना बड़ा है. जब तीज त्योहारों में पत्थरबाजी होने लगे, माता दुर्गा को भी रोक दिया जाए, जब कफ्र्यू लगने लगे तो पता चलता है कि स्थिति कितनी खतरनाक है.” राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली चुनावी रैली थी, जिसमें उन्होंने आदिवासी अस्मिता का मुद्दा भी उठाया.
उन्होंने कहा, ”जब बेटियों के साथ शादी के नाम पर छल-कपट होने लगे तो पता चलता है कि पानी सिर के ऊपर से गुजरने लगा है. जब घुसपैठ का मामला अदालत में जाए और प्रशासन इससे इंकार करे तो पता चलता है कि सरकारी तंत्र में ही घुसपैठ हो चुकी है.” उन्होंने कहा, ”ये (घुसपैठिये) आपकी रोटी भी छीन रहे हैं, ये आपकी बेटी भी छीन रहे हैं और ये आपकी माटी को भी हड़प रहे हैं. अगर झामुमो-कांग्रेस-राजद की यही कुनीति जारी रही तो झारखंड में आदिवासी समाज का दायरा सिकुड़ जाएगा.” घुसपैठियों को आदिवासी समाज और देश की सुरक्षा के लिए ‘बड़ा खतरा’ करार देते हुए प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी गठबंधन को ‘घुसपैठिया गठबंधन’ और ‘माफिया का गुलाम’ करार दिया और मतदाताओं से अपने वोट से इन्हें उखाड़ फेंकने का आ”ान किया.
उन्होंने जनता से कहा, ”आपका एक-एक वोट झारखंड की रोटी, बेटी और माटी को बचाएगा.” भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्तारूढ़ गठबंधन पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री हो, मंत्री हो, विधायक हो या फिर सांसद हो… ऐसा कोई बचा नहीं जिन पर पिछले पांच सालों में भ्रष्टाचार के संगीन आरोप नहीं हैं. उन्होंने कहा, ”भ्रष्टाचार दीमक की तरह देश को खोखला करता है. भ्रष्टाचार, गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी को सबसे ज्यादा दुखी करता है, बर्बाद कर देता है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड बालू तस्करी का केंद्र बन गया है और अफवाह फैलाना राज्य में एक उद्योग बन गया है, जिसमें ‘एक परिवार दिल्ली में सक्रिय है और दूसरा झारखंड में’.
उन्होंने कहा, ”सच्चाई ये है कि झारखंड की सरकार माफिया की गुलाम बन गई है. जनता पलायन के लिए मजबूर है और ये लोग सरकारी ठेकों में बंदरबाट करने में व्यस्त है. यहां पर काम धंधा बंद होता जा रहा है लेकिन ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा बहुत फल फूल रहा है. झामुमो, कांग्रेस और राजद ने ये जो माफिया तंत्र बनाया है, भाजपा राजग को दिया हर वोट उस पर चोट करेगा.” प्रधानमंत्री ने परिवारवाद को झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन बताया और झामुमो, कांग्रेस और राजद को घोर परिवारवादी दल करार दिया.
उन्होंने कहा, ”ये लोग चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे.” मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी जहां-जहां भी झूठ बोलकर सत्ता में आए हैं, उस राज्य को उन्होंने बर्बाद कर दिया है.
चुनावी गारंटी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हाल ही की एक टिप्पणी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अब इस विपक्षी पार्टी के प्रमुख ने भी मान लिया है कि उनकी पार्टी झूठी गारंटी देती है. उन्होंने कहा, ”पता नहीं कैसे खरगे जी के मुंह से जाने-अनजाने में सच निकल गया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो ये अनाप-शनाप घोषणाएं हैं, ये राज्यों को दिवालिया कर देंगी.” उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस की राजनीति का बहुत बड़ा आधार रहा है जनता से झूठ बोलना और उसे धोखा देना.
उन्होंने कहा, ”ये झूठे वादे करके मतदाताओं को धोखा देते हैं. हमारे नागरिकों की आंख में धूल झोंक देते हैं. अभी हाल ही में ?हरियाणा ने इन्हें सबक सिखाया है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार ने यहां नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था लेकिन उसे पूरा नहीं किया जबकि र्भितयों में धांधली और पेपर लीक जैसे यहां का ‘उद्योग’ बन गया है.
उन्होंने कहा, ”झारखंड के नौजवानों में प्रतिभा की कमी नहीं है. ये हमारे झारखंड के बेटे और बेटियां खेल के मैदान में झारखंड के प्रति अपना जज्बा दिखाते हैं. झारखंड के युवाओं का सामर्थ्य बढ़े, उन्हें नए अवसर मिलें ये सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने झारखंड के युवाओं के साथ धोखा ही किया है.” मोदी ने कहा कि अब भाजपा ने इस स्थिति को बदलने का निर्णय लिया है और सरकार बनने के बाद करीब तीन लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा.
उन्होंने कहा, ”प्रदेश सरकार विकास की राह में रोड़े अटका रही है जबकि हम ईमानदारी से झारखंड के विकास की हर कोशिश कर रहे हैं. जब यहां आप लोग डबल इंजन की सरकार बनाएंगे, तो राज्य का विकास भी डबल तेजी से होने लगेगा.” उन्होंने कहा, ”भाजपा, झारखंड की सुविधा, सुरक्षा, स्थिरता व समृद्धि की गांरटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी है. कल झारखंड भाजपा ने बहुत ही शानदार संकल्प पत्र जारी किया है. ये संकल्प पत्र रोटी-बेटी-माटी के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सर्मिपत है. उन्होंने कहा, ”आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है, ‘रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-राजग की सरकार’.” झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के तहत मतदान होगा और मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी.



