कांग्रेस का संविधान का आह्वान केवल दिखावा : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Jun 2024 09:27 PM
कांग्रेस का संविधान का आह्वान केवल दिखावा : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा आपातकाल की निंदा किए जाने पर आपत्ति जताने के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे पता चलता है कि विपक्षी दल के इरादे सही नहीं हैं तथा उसके द्वारा संविधान का आह्वान महज दिखावा है.

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस आपातकाल के जिक्र मात्र से घबराना शुरू कर देती है, जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1975 में लगाया था. आपातकाल को ‘लोकतंत्र की हत्या का पाप’ करार देते हुए उन्होंने सवाल किया, “भारतीय लोकतंत्र के इस काले अध्याय की चर्चा क्यों नहीं होनी चाहिए.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाने के लिए कभी माफी नहीं मांगी.

प्रसाद की यह टिप्पणी लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा बिरला से मुलाकात के बाद आई है. राहुल ने बुधवार को सदन में आपातकाल पर बिरला की ओर से दिए गए आलोचनात्मक बयान पर नाराजगी जताई थी और कहा था कि यह स्पष्ट रूप से ‘राजनीति’ है तथा इससे बचा जा सकता था. बाद में, कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने भी बिरला को पत्र लिखकर आपातकाल पर उनके बयान पर पार्टी की नाराजगी व्यक्त की.

बिरला के रुख का बचाव करते हुए प्रसाद ने कहा कि देश को यह बताना जरूरी है कि इसे क्यों थोपा गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए आपातकाल की निंदा की. भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस इस पाप को ढो रही है और इसके जिक्र से ही कांपने लगती है.

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया, आरएसएस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया, हजारों लोगों को नसबंदी कराने के लिए मजबूर किया गया और मीडिया पर पाबंदी लगा दी गई. भाजपा नेता ने अखिलेश यादव, एम के स्टालिन और तेजस्वी यादव जैसे कांग्रेस के वर्तमान सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें आपातकाल की ज्यादतियों को याद रखना चाहिए.

प्रसाद ने कहा, “तमिलनाडु में द्रमुक सरकार को बर्खास्त कर दिया गया था, जबकि तेजस्वी यादव के पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया था. अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव को भी जेल में डाल दिया गया था.” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता संविधान की प्रतियां लेकर चल रहे हैं जो कि साफ तौर पर ढकोसला है. उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश ने आपातकाल के पीछे की ताकतों को पराजित किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu