कांग्रेस का ‘शाही परिवार’ एसटी, एससी और ओबीसी की एकता को तोड़ने पर तुला हुआ है: मोदी

गुमला. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसका ‘शाही परिवार’ अपने ‘नापाक मंसूबों’ के तहत आरक्षण छीनने के लिए अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की एकता को तोड़ने पर तुला हुआ है.

गुमला में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन पर खनिज, जंगल, रेत और कोयले जैसे राज्य के समृद्ध संसाधनों को लूटने का आरोप लगाया और दावा किया कि इससे ‘रोटी, माटी और बेटी’ पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है. उन्होंने सत्तारूढ़ सरकार पर घुसपैठियों को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस जानती है कि यदि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग एक हो गए तो वे पार्टी के अस्तित्व के लिए खतरा पैदा कर देंगे. यही कारण है कि कांग्रेस का शाही परिवार उनकी एकता तोड़ने पर आमादा है… वे आरक्षण छीनना चाहते हैं.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस एक आदिवासी समुदाय को दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रही है… आदिवासी समाज की ताकत को तोड़ने के एजेंडे के साथ वह उरांव के खिलाफ मुंडा, खारिया के खिलाफ लोहरा, कोरवा के खिलाफ खरवार आदि को लड़ा रही हैं.”

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस उच्च पदों पर आदिवासियों को बर्दाश्त नहीं कर सकती, यही कारण है कि उसने राष्ट्रपति पद पर द्रौपदी मुर्मू का विरोध किया और उनका अपमान करना जारी रखे हुए है. उन्होंने इस क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का भी उल्लेख किया और कहा कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस आदिवासी नेता का अपमान किया. उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी गौरव को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है और बिरसा मुंडा के सम्मान में 15 नवंबर से देशभर में एक साल तक ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ मनाया जाएगा.

महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थान खूंटी के उलिहातू का दौरा करने वाले पहले प्रधानमंत्री होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”मोदी उनकी पूजा करता हैं जिन्हें दूसरे खारिज कर देते हैं.” प्रधानमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजाति उत्कर्ष अभियान के तहत पूरे भारत में 60,000 से अधिक आदिवासी गांवों को 80,000 रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा. मोदी ने यह भी वादा किया कि जिन लोगों ने झारखंड के संसाधनों को लूटा और यहां के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा.

झामुमो नीत सरकार पर झारखंड की जमीन, नदियां और पहाड़ बेचकर रेत की तस्करी कर करोड़ों रुपये कमाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ”जिन लोगों ने जनता का पैसा लूटा है वे अपना जीवन जेल में बिताएंगे, उन्हें पैसा लौटाना होगा.” उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन के नेता न केवल संसाधनों को लूट रहे हैं, बल्कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए रिश्वत भी ले रहे हैं. मोदी ने कहा कि ऐसे लोगों को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है.

उन्होंने कहा कि तीन करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि रागी की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा और यह झारखंड के किसानों के लिए अवसर और समृद्धि लाएगा. उन्होंने कहा, ”यह मोदी की गारंटी है कि भाजपा के घोषणापत्र में ‘गोगो दीदी’ योजना (हर महीने महिलाओं को 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने का) सहित सभी वादों को पूरा किया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”झारखंड के आने वाले 25 सालों के लिए अगले पांच साल बहुत महत्वपूर्ण हैं. आपका एक वोट राज्य को विकसित बनाने में योगदान देगा.” झारखंड में विधानसभा चुनाव के तहत 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button