छत्तीसगढ़ में सनातन संस्कृति के खिलाफ साजिश रची जा रही : असम मुख्यमंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Sep 2023 08:48 PM
छत्तीसगढ़ में सनातन संस्कृति के खिलाफ साजिश रची जा रही : असम मुख्यमंत्री
ऑडियो सुनें

रायपुर. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सनातन संस्कृति के खिलाफ साजिश रची जा रही है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा के दौरान राज्य के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, “छत्तीसगढ़ में सनातन संस्कृति के खिलाफ साजिश रची जा रही है. जब से भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने हैं, राज्य में रोहिंग्या की आमद एक बड़ा मुद्दा बन गई है.”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने (सत्ता में रहने के दौरान) बांग्लादेशियों को अवैध रूप से असम में प्रवेश करने की अनुमति दी. उन्होंने दावा किया, “लाखों बांग्लादेशी असम में रह रहे हैं.” विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी गुट देश में ‘हिंदू विरोधी’ माहौल बनाने की साजिश रच रहा है.

उन्होंने कहा, “भूपेश बघेल कहते हैं कि वह गौमाता की पूजा करते हैं. हम चाहते हैं कि आप कहें कि आप हिंदू हैं और हिंदू के प्रति सर्मिपत हैं.” बच्चों को पढ़ाई के लिए मदरसों में भेजने का विरोध करते हुए शर्मा ने कहा, ” उन्होंने असम में मदरसे बंद किए हैं… अब हमारी मुस्लिम बेटी हमारे स्कूलों में जाती है. इस बार असम में बड़ी संख्या में मुस्लिम बेटियों ने मेडिकल परीक्षा पास की है. हम हिंदू-मुसलमान नहीं देखते बल्कि हम अपनी बेटियों का विकास और शिक्षा देखते हैं.”

भ्रष्टाचार को लेकर राज्य में सत्ताधारी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा कि भूपेश बघेल ने असम और हिमाचल प्रदेश चुनावों (में कांग्रेस के लिए) जो पैसा निवेश किया था, उसका इस्तेमाल छत्तीसगढ़ में आदिवासियों को सशक्त बनाने के लिए क्यों नहीं किया. शर्मा ने मंगलवार को भटगांव (सूरजपुर जिला) और नवागढ़ विधानसभा (बेमेतरा जिला) निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में हिस्सा लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu