देश के प्रमुख कारोबारी सुब्रत रॉय का निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 15 Nov 2023 02:06 PM
देश के प्रमुख कारोबारी सुब्रत रॉय का निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस…
ऑडियो सुनें

मुंबई: सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का मंगलवार देर रात मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. 75 साल के सुब्रत रॉय देश के प्रमुख कारोबारी और सहारा इंडिया के फाउंडर थे.

सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून 1948 को बिहार के अररिया में हुआ था. उन्होंने गोरखपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद बिजनेस की शुरुआत गोरखपुर से ही की थी. 1992 में सहारा ग्रुप ने राष्ट्रीय सहारा नाम का अखबार निकाला. साथ ही कंपनी ने सहारा टीवी नाम से टीवी चैनल शुरू किया था. बता दें कि सहारा ग्रुप मीडिया, रियल एस्टेट, फाइनेंस सहित कई सेक्टर में काम करती हैं.

सुब्रत रॉय के निधन पर सहारा ग्रुप ने बयान जारी कर कहा कि सहारा इंडिया परिवार के प्रमुख सुब्रत रॉय सहारा का कार्डियो अरेस्ट के बाद मंगलवार रात 10.30 बजे निधन हो गया. वह हाइपरटेंशन और डायबिटीज जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे. उनका स्वास्थ्य लगातार खराब था, जिसकी वजह से उन्हें 12 नवंबर को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सहारा इंडिया परिवार सहाराश्री के निधन पर शोकसंतप्त है.

समूह ने बयान में कहा, ‘सहारा इंडिया परिवार अत्यंत दुख के साथ हमारे सहारा इंडिया परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता और अध्यक्ष माननीय ‘सहाराश्री’ सुब्रत रॉय सहारा के निधन की सूचना दे रहा है.’ बयान में उन्हें एक प्रेरणादायक नेता और दूरदर्शी बताते हुए कहा गया है, ‘उनके निधन से हुई क्षति को संपूर्ण सहारा इंडिया परिवार गहराई से महसूस करेगा. सहाराश्री जी उन सभी के लिए एक मार्गदर्शक शक्ति, एक संरक्षक और प्रेरणा के स्रोत थे, जिन्हें उनके साथ काम करने का सौभाग्य मिला.’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav