चक्रवाती तूफान ‘अकवान’: 19 नवंबर तक भीषण तूफान बनने की आशंका, ओडिशा के कई इलाकों में अलर्ट

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 16 Nov 2026 12:23 PM
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’: 19 नवंबर तक भीषण तूफान बनने की आशंका, ओडिशा के कई इलाकों में अलर्ट
ऑडियो सुनें

बंगाल की खाड़ी में एक गहरा दबाव बन गया है, जो लगातार मजबूत हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इस संभावित तूफान को ‘अकवान’ नाम दिया गया है। अनुमान है कि 17 नवंबर तक यह भीषण चक्रवाती तूफान बन सकता है। वहीं, 19 नवंबर की शाम तक इसके बहुत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई गई है।

 

ओडिशा समेत पूर्वी तट के कई इलाकों में चिंता

इस मौसम प्रणाली के मजबूत होने से ओडिशा समेत पूर्वी तट के कई इलाकों में चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग इसके आगे बढ़ने की दिशा और ताकत पर लगातार नजर रख रहा है।भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है।

18 नवंबर से मौसम बदलने की संभावना

फिलहाल यह विशाखापत्तनम से लगभग 870 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और गोपालपुर से करीब 980 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित है। मौसम विभाग का अनुमान है कि ताकत बढ़ने के बाद यह सिस्टम आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है।  मौसम प्रणाली के प्रभाव से ओडिशा में 18 नवंबर से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार के लिए राज्य के 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 19 से 21 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

19 नवंबर को पुरी, गंजाम और गजपति जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 20 नवंबर को गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं 21 नवंबर पश्चिमी ओडिशा के बरगढ़, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान विभाग बंगाल की खाड़ी में बने इस सिस्टम की स्थिति, गति और ताकत में होने वाले बदलावों पर लगातार नजर रख रहा है। आने वाले दिनों में यह किस दिशा में आगे बढ़ेगा और कहां तट से टकराएगा, इसकी तस्वीर धीरे-धीरे साफ होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav