वायनाड में भूस्खलन में मृतक संख्या बढकर छह हुई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 09 Jul 2026 02:18 PM
वायनाड में भूस्खलन में मृतक संख्या बढकर छह हुई
ऑडियो सुनें

वायनाड: केरल के वायनाड में भूस्खलन में बृहस्पतिवार को आपदा स्थल से तीन और शव मिलने के साथ ही मरने वालों की संख्या बढकर छह हो गई है। जिले के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जो तीन शव बरामद किए गए हैं उनकी पहचान प्रवासी श्रमिकों के तौर पर हुई है जिनमें उत्तर प्रदेश से सर्वेक्षणकर्ता अजहरुद्दीन अंसारी, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले इंजीनियर राहुल शर्मा और बिहार निवासी खुदाई करने वाली मशीन (एक्सकेवेटर) के आॅपरेटर मोहम्मद इमरान शामिल हैं।

इससे पूर्व, केरल के मंत्री ए.पी. अनिल कुमार और टी. सिद्दिक ने पत्रकारों को बताया था कि वायनाड भूस्खलन में आपदा स्थल से एक शव सुबह जोन एक से बरामद किया गया जहां तलाश अभियान चलाया जा रहा है, जबकि अन्य शव नदी से बरामद किए गए।
अनिल कुमार ने कहा, ”इलाके के जोन एक और दो में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। नदी के पास भी तलाशी अभियान पर ध्यान दिया जाएगा।” सिद्दिक ने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम व्यिथिरी तालुक अस्पताल में किया जाएगा और कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उन्हें संरक्षित करके रखा जाएगा।

वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाले अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना वाली जगह पर सात जुलाई को भूस्खलन हुआ था।
वर्तमान में इस घटना में दो लोग लापता हैं। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा था कि खोज एवं बचाव अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया था कि घटना में घायल 10 लोगों में से तीन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, चार अब भी अस्पताल में हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है और तीन अन्य गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav