सैनी के तीन विकेट से दिल्ली ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ तीन अंक लिये

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 07:49 PM
सैनी के तीन विकेट से दिल्ली ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ तीन अंक लिये
ऑडियो सुनें

रायपुर. नवदीप सैनी के तीन विकेट की मदद से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी मौजूदा सत्र के पहले मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहली पारी की बढत के आधार पर तीन अंक हासिल कर लिये . अनुभवी जोंटी सिद्धू के दूसरे प्रथम श्रेणी शतक की मदद से दिल्ली ने पहली पारी में बढ़त बनाई . छत्तीसगढ़ के 243 रन के जवाब में दिल्ली ने पहली पारी में 357 रन बनाये थे . बिना किसी नुकसान के 33 रन से आगे खेलते हुए छत्तीसगढ़ ने 60 ओवरों में छह विकेट पर 179 रन बनाये जब दोनों कप्तानों ने कोई नतीजा नहीं निकलता देख ड्रॉ पर सहमति जताई .

सैनी ने चौथे दिन 12 ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट चटकाये . आयुष पांडे (33) और एकनाथ केरकर (13) जल्दी आउट हो गए . लंच तक छत्तीसगढ़ ने पांच विकेट गंवा दिये जबकि सौ रन की बढत भी नहीं बन सकी थी . कप्तान खारी और अजय मंडल ने 17 . 4 ओवर में 38 रन ही जोड़े लेकिन इतने ओवर खेल लिये कि मैच ड्रॉ हो सके .

अन्य मैचों में कोयंबटूर में तमिलनाडु ने सौराष्ट्र को एक पारी और 70 रन से हराकर सात अंक हासिल किये . सौराष्ट्र के 203 रन के जवाब में तमिलनाडु ने 367 रन बनाये और जवाब में सौराष्ट्र की टीम दूसरी पारी में 94 रन पर आउट हो गई . तमिलनाडु के लिये गुरजपनीत सिंह ने 22 रन देकर छह विकेट लिये . गुवाहाटी में झारखंड और असम का मैच ड्रॉ रहा और पहली पारी की बढत के आधार पर झारखंड को तीन अंक मिले .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu