प्रधानमंत्री मोदी नहीं चाहते कि सत्ता गरीबों के हाथ में जाए – खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 09:30 PM
प्रधानमंत्री मोदी नहीं चाहते कि सत्ता गरीबों के हाथ में जाए – खरगे
ऑडियो सुनें

सुकमा/महासमुंद. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नहीं चाहते कि सत्ता गरीबों के हाथ में जाये. छत्तीसगढ. के सुकमा शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों की “जल-जंगल-जमीन” की रक्षा की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है. आदिवासी बहुल और नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एकमात्र विधानसभा क्षेत्र कोंटा है. यह उन 20 सीटों में से एक है जहां पहले चरण में सात नवंबर को मतदान होगा. पांच बार कांग्रेस से विधायक रहे कवासी लखमा इस सीट से लगातार छठवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं.

खरगे ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमेशा कहती है कि उन्होंने आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया. लेकिन आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नए संसद भवन के उद्घाटन में नहीं बुलाया. उसका शिलान्यास हुआ तब तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को नहीं बुलाया क्योंकि वह अछूत थे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उद्घाटन के समय नहीं बुलाया क्योंकि वह आदिवासी हैं. वह उनके हाथ से उद्घाटन करना नहीं चाहते थे.”

उन्होंने कहा, ”वह (भाजपा के नेता) कहते हैं कि उन्होंने आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया लेकिन उन्हें कोई भी इमारत का शिलान्यास करने का मौका नहीं मिला.’ खरगे ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी नहीं चाहते कि सत्ता गरीबों के हाथ में जाए.” भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए खरगे ने भाजपा पर अडाणी जैसे अमीर लोगों को सरकारी संपत्ति बेचने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”हम चीजों को बचाना चाहते हैं लेकिन भाजपा उन चीजों को बेचना चाहती है. आदिवासियों का जल-जंगल-जमीन अडाणी जैसे बड़े अमीरों को बेच रहे हैं.. भाजपा सरकार में अमीर और अमीर होते जा रहे हैं, जबकि गरीब और गरीब होते जा रहा है. आपको जानकर हैरानी होगी कि 94 लोगों के पास देश की 50 प्रतिशत संपत्ति है.”

कांग्रेस नेता ने कहा, ”हम आदिवासियों की जमीन और जंगल पर उनका अधिकार बरकरार रखना चाहते हैं.” खरगे ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की उस टिप्पणी के लिए आलोचना की जिसमें की उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ. को पांच साल से ‘ग्रहण’ लगा है. कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि यह राज्य नहीं, बल्कि भाजपा को छत्तीसगढ. में पांच साल से ग्रहण लगा है. खरगे ने कहा कि यदि वे (भाजपा) राज्य में सत्ता में आएंगे तो सुबह से शाम तक ग्रहण रहेगा.

उन्होंने 60 वर्षों में कांग्रेस ने क्या किया जैसे सवाल उठाने के लिए भाजपा की आलोचना की और कहा कि भाजपा कांग्रेस को गाली देने के अलावा कुछ नहीं करती है. छत्तीसगढ. की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होगा. 20 सीटों पर सात नवंबर को और शेष 70 सीटों पर 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. राज्य के महासमुंद शहर में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री गरीबों को अपने पास नहीं आने देते और केवल वोट मांगने के लिए उनके बारे में बात करते हैं.

उन्होंने कहा, ”हमारे नेता राहुल गांधी जी ने देश को एकजुट करने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली..राहुल जी ने गरीबों, महिलाओं, बच्चों और श्रमिकों से मुलाकात की. क्या आपने कभी मोदी को लोगों से मिलते देखा है.. दूर से दर्शन देते हैं. वह किसी को भी अपने पास नहीं आने देते. यह गरीबों के प्रति उनका भाव है. वह गरीबों से दूर रहना चाहते हैं लेकिन उनके बारे में बात करके वोट लेना चाहते हैं.”

खरगे ने कहा, ”यदि आप गरीबों से वोट लेना चाहते हैं तो काम करके दिखाइए. मणिपुर जल रहा है, लेकिन वहां की महिलाओं और बच्चों से मिलने के लिए एक दिन भी मणिपुर नहीं गए. वहां घर जल गए, संपत्ति लूटी गई, महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ, उस वक्त मोदी जी को याद नहीं आई. अब वोट के लिए गांव-गांव जा रहे हैं. वोटों के लिए आपके पास भी आएंगे लेकिन मणिपुर नहीं जाएंगे.”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”भाजपा पूछती है कि कांग्रेस ने क्या किया है..हमने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की. मोदी साहब, आप प्रधानमंत्री के रूप में बैठे हैं क्योंकि लोकतंत्र और संविधान अभी भी जीवित है. यदि कांग्रेस नहीं होती, तो आप (मोदी) प्रधानमंत्री नहीं होते.” उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘बाप कमाया, बेटा गुमाया’ (पिता ने कमाया, बेटे ने गंवाया).

उन्होंने कहा, ”हमने हवाई अड्डे बनाए, बड़े-बड़े कारखाने बनाए” और आरोप लगाया, “अब वे इसे अडाणी जैसे उद्योगपतियों को बेच रहे हैं. जो आदमी देश की सार्वजनिक संपत्ति बेचता है वह देश की भलाई के लिए नहीं सोच सकता है.” खरगे ने लोगों से पिछली बार की तरह राज्य में फिर से कांग्रेस को वोट देकर सत्ता में लाने का आग्रह किया और वादा किया कि पार्टी अपने वादों को पूरा करेगी क्योंकि वह प्रधानमंत्री मोदी की तरह नहीं है जो झूठ बोलकर भाग जाते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu