
दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की एक गौशाला में सात मवेशियों की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि नंदिनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोढ़ी गांव में स्थित गौशाला में सात मवेशियों की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. उन्होंने बताया कि गौ सेवा के लिए कार्य करने वाले संगठन माधव सेना की शिकायत पर यह मुकदमा दर्ज किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि तीन दिसंबर को गांववालों ने माधव सेना को सूचना दी थी कि गौशाला में कुछ मवेशियों की मौत हो गई है.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद माधव सेना का दल जब गौशाला में पहुंचा तब वहां कुछ मवेशियों के शव पड़े हुए मिले, जिसके बाद संगठन ने पुलिस को सूचित किया. अधिकारियों ने बताया कि बाद में पुलिस दल ने शव बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
उन्होंने बताया कि बाद में माधव सेना ने नंदिनी थाने में एक शिकायत दी, जिसकी प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया. नंदिनी थानाध्यक्ष मनीष शर्मा ने बताया की जानकारी मिली है ग्रामीणों ने मवेशियों से अपनी फसलों को बचाने के लिए उन्हें गौशाला में बंद कर दिया था.
उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया और पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई की जाएगी. माधव सेना के पदाधिकारी नरेश चंद्रवंशी ने बताया कि लगभग 15 मवेशियों की मौत की जानकारी मिली है और मामले को छुपाने के लिए कुछ मवेशियों के शव को गौशाला के बाहर फेंकने की भी आशंका है. चंद्रवंशी ने बताया कि मवेशियों की मौत भूख प्यास और देखरेख के अभाव में हुई है.



