तमिलनाडु के मंत्री वी सेंथिल बालाजी के परिसरों पर ईडी के छापे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Jun 2023 08:57 PM
तमिलनाडु के मंत्री वी सेंथिल बालाजी के परिसरों पर ईडी के छापे
ऑडियो सुनें

चेन्नई. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के एक मामले की जांच के तहत मंगलवार को तमिलनाडु के बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी और कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर छापे मारे. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. ईडी के अधिकारियों ने कहा कि यहां सचिवालय में बालाजी के कार्यालय के कमरे में भी तलाशी ली गयी. करूर जिले से ताल्लुक रखने वाले दिग्गज द्रमुक नेता बालाजी ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि अधिकारी उनके परिसरों पर क्या खोजने आए हैं. उन्होंने जांच में पूरी तरह सहयोग का आश्वासन दिया.

राज्य की राजधानी चेन्नई और करूर में बालाजी के परिसरों पर छापे मारे जा रहे हैं. ईडी के अधिकारियों ने इनके अलावा इरोड जिले में तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टस्मक) के एक लॉरी ठेकेदार के घर पर भी तलाशी ली. राज्य सरकार के स्वामित्व वाली यह संस्था तमिलनाडु में शराब का खुदरा कारोबार करती है. उच्चतम न्यायालय ने बालाजी के खिलाफ कथित ‘नौकरी के बदले नकदी’ घोटाले में पुलिस और ईडी को जांच की अनुमति दे दी थी. वह राज्य का आबकारी विभाग भी संभालते हैं.

बालाजी पहले अन्नाद्रमुक में थे और दिवंगत जयललिता की सरकार में परिवहन मंत्री थे. सूत्रों ने कहा कि ईडी ने धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की. आयकर विभाग ने भी पिछले महीने राज्य में बालाजी के करीबी लोगों के परिसरों पर तलाशी ली थी. ईडी की तलाशी पर प्रतिक्रिया देते हुए आज बालाजी ने कहा कि वह जांच एजेंसी को पूरी तरह सहयोग देने के लिए तैयार हैं.

उन्होंने तलाशी शुरू होने के कुछ ही समय बाद संवाददाताओं से कहा, ”देखते हैं कि वे किस मंशा से आए हैं, क्या खोज रहे हैं. इसे पूरा हो जाने दें.” बालाजी ने आयकर विभाग या ईडी को पूरी तरह सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि अधिकारी दस्तावेजों के आधार पर उनसे जो भी जानकारी मांगेंगे, वह देंगे. तलाशी शुरू होने के समय सुबह की सैर पर गये मंत्री ने कहा कि अपने परिसरों पर छापों की सूचना मिलने के बाद वह टैक्सी लेकर घर वापस पहुंचे.

छापों के दौरान ईडी के अधिकारियों के साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के कर्मी भी थे. गौरतलब है कि पिछले महीने करूर में बालाजी से जुड़े कुछ ठिकानों पर तलाशी लेने गये आयकर विभाग के अधिकारियों पर कथित रूप से हमला किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu