
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि हरियाणा में पिछले 10 सालों में कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी विफल रही है और अब जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, बड़े-बड़े दावे करने वाले उसके ‘लाउडस्पीकर्स’ का करंट भी कमजोर हो गया है. ‘नमो एप’ के माध्यम से ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस की आंतरिक कलह से प्रदेश का बच्चा बच्चा वाकिफ है.
राज्य में फिर से पार्टी की सरकार बनने का दावा करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि यह इसलिए हो रहा है क्योंकि हरियाणा में पहली बार हुआ है कि सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा और युवाओं को ‘बिना पर्ची और खर्ची’ के रोजगार मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पूरा आधार ही ‘झूठ’ पर टिका है और उसके नेता ‘बिना सिर पैर की बातें’ कर भाजपा की हवा खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, ”आज कल तो आप देख रहे हैं… कांग्रेस के लाउडस्पीकर जो बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, उनका करंट भी कमजोर हो गया है. कोई कह रहा है कि कांग्रेस हर दिन कमजोर होती जा रही है और पिछले 10 साल में कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी विफल रही है.” पिछले दिनों कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा की कथित नाराजगी और पार्टी के भीतर कथित गुटबाजी के मद्देनजर कुछ राजनीतिक विशेषज्ञों ने दावा किया था कि कांग्रेस की स्थिति पहले मजबूत थी लेकिन अब उसका ग्राफ धीरे-धीरे नीचे जा रहा है. माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने इन राजनीतिक विशेषज्ञों के लिए ‘लाउडस्पीकर्स’ शब्द का इस्तेमाल किया.
मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस का ज्यादातर समय आपसी गुटबाजी, लड़ाई और एक दूसरे का हिसाब चुकता करने में खप रहा है.
उन्होंने कहा, ”जो पार्टी 10 साल तक जनता के विषयों से दूर रही हो, जो अपने परिवार के लिए जिए या अपने गुट के लिए जिए… ऐसे लोग हरियाणा की जनता का विश्वास कभी नहीं जीत सकते.” मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस की आंतरिक कलह से हरियाणा का बच्चा-बच्चा परिचित है लेकिन उन्हें उनकी कलह पर सुखचैन से नहीं बैठ जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, ”वह अपनी मौत मरने वाले हैं. लेकिन हमें तो अपने परिश्रम से अपना झंडा गाड़ना है. हमें पहले से ज्यादा मेहनत करनी है.” मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि कोई कल्पना नहीं कर सकता कि हरियाणा में कांग्रेस के शासन के दौरान दलितों पर कितने अत्याचार हुए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के इस चेहरे को बेनकाब करने को कहा.
किसानों के लिए भाजपा सरकार की पहलों को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि हरियाणा में कांग्रेस शासन के दौरान किसानों को फसल क्षति के लिए मुआवजे के दो रुपये के चेक मिलते थे. उन्होंने बातचीत के दौरान हरियाणा भाजपा के एक कार्यकर्ता द्वारा कही गई बात के जवाब में कहा कि कांग्रेस के लोग केवल अपने परिवार के लिए जीते हैं और यही उनका चरित्र है. कांग्रेस के घोषणापत्र पर मोदी ने कहा कि वोट पाने के लिए हिमाचल कांग्रेस ने ऐसे वादे किए थे जैसे हर घर की सोने की छत बना देंगे लेकिन सरकार बनने के बाद उन्होंने हाथ खड़े कर दिए.
उन्होंने कहा, ”आज हिमाचल में कांग्रेस की सरकार सरकारी मुलाजिमों को वेतन नहीं दे पा रही है, विकास का कोई काम नहीं कर पा रही है, सरकारी र्भितयां नहीं कर पा रही है. स्कूल, सड़क, बिजली, पानी, अस्पताल सब ठप्प पड़ा है.” हरियाणा की जनता को ‘बेहद सूझबूझ वाली’ करार देते हुए मोदी ने कहा कि आजादी के बाद इतने सालों में उसने उसी पार्टी की सरकार बनाई है जो केंद्र में राज कर रहा होता है.
उन्होंने कहा, ”पिछले सात दशकों में हरियाणा ने ऐसा किया है. इस बार भी मैं देख रहा हूं. वह दिल्ली (केंद्र) की भाजपा सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर हरियाणा को हिंदुस्तान का नंबर एक राज्य बनाने के लिए कृत संकल्प है.” हरियाणा में अपनी दो चुनावी जनसभाओं का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा को फिर से एक बार सेवा करने का मौका देना तय कर लिया है.
उन्होंने कहा, ”क्योंकि उन्हें खुशी है कि 10 साल में बिना भ्रष्टाचार के सरकार चलाना… यह हरियाणा में पहली बार हुआ है. प्रदेश के युवाओं को बिना पर्ची, बिना खर्ची के रोजगार मिलना… ये हरियाणा में पहली बार हुआ है.” भाजपा के नेताओं का आरोप है कि राज्य में जब कांग्रेस की सरकार थी तो उम्मीदवारों से पैसे लेकर और नेताओं की सिफारिशी र्पिचयों के आधार पर नौकरियां दी जाती थी.
1990 के दशक में हरियाणा में पार्टी संगठन के लिए किए गए अपने काम को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें लंबे समय तक राज्य में काम करने का मौका मिला और यह उनके लिए सीखने का समय भी था.
उन्होंने कहा, ”मुझे एक बात याद है. पुरानी पीढ.ी के कार्यकर्ता हों या नई पीढ.ी के, उनकी कड़ी मेहनत ने मुझे हमेशा प्रेरित किया.”
उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें जमीनी कार्यकर्ताओं से बात करने का मौका मिलता है तो उन्हें खुशी होती है. उन्होंने कहा कि इन दिनों आप अपने बूथ पर ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ चौबीसों घंटे कड़ी मेहनत कर रहे हैं. मोदी ने कहा कि भाजपा की चुनावी रणनीति का एक ही खुला रहस्य है और वह है अपने बूथ पर जीत हासिल करना. उन्होंने कहा, ”मतदान केंद्र हमारी ‘मजबूत चौकी’ है.” उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कभी भी मतदान केंद्र पर अपना झंडा झुकने नहीं देते. हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होना है जबकि नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे. भाजपा की नजर राज्य में लगातार तीसरा कार्यकाल हासिल करने पर है.



