हमारी शांति भंग करने वाले हर व्यक्ति पर प्रतिबंध लगना चाहिए: सुनील शेट्टी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 May 2025 09:09 PM
हमारी शांति भंग करने वाले हर व्यक्ति पर प्रतिबंध लगना चाहिए: सुनील शेट्टी
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता सुनील शेट्टी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध का समर्थन करते हुए कहा कि कला और क्रिकेट ऐसे किसी भी व्यक्ति के साथ संभव नहीं है जो ”हमारी शांति भंग करने और निर्दोष लोगों को मारने की कोशिश करता है.” शेट्टी ने कहा कि देश के जिम्मेदार नागरिकों के रूप में, एकजुट रहना और किसी को भी हमले के बाद नफरत फैलाने नहीं देना महत्वपूर्ण है.

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई. जान गंवाने वालों में अधिकतर पर्यटक थे. इस हमले के बाद, पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान अभिनीत फिल्म ‘अबीर गुलाल’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी. फिल्म पहले 9 मई को रिलीज होने वाली थी. पिछले हफ्ते, सरकारी सूत्रों ने कहा कि फिल्म को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा.

शेट्टी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”हमारी शांति भंग करने और निर्दोष लोगों को मारने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ हर चीज पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए. हर चीज पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए. क्रिकेट, फिल्में, हर चीज पर. पहले जो गलत हुआ है उसे ठीक करें और फिर सब कुछ सही हो जाएगा… हम ऐसी जगह से आते हैं जहां हम धर्म, कर्म और सेवा की बात करते हैं.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने सेना को निर्णय लेने की जिम्मेदारी दी है और मुझे लगता है कि वर्दीधारी लोग वही करेंगे, जो उन्हें करना है. हम एक हैं, हम एकजुट हैं और किसी को भी नफरत फैलाने की इजाजत नहीं देते हैं. जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें बस इतना ही करना है.” शेट्टी फिलहाल अपनी नई फिल्म ‘केसरिया वीर’ का प्रचार कर रहे हैं. यह फिल्म 16 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें सूरज पंचोली और विवेक ओबेरॉय भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu