फरहान अख्तर ‘120 बहादुर’ फिल्म में मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभाएंगे, लद्दाख में शूटिंग शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Sep 2024 08:42 PM
फरहान अख्तर ‘120 बहादुर’ फिल्म में मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभाएंगे, लद्दाख में शूटिंग शुरू
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता फरहान अख्तर 1962 के भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘120 बहादुर’ में परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह की भूमिका में नजर आएंगे. निर्माताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी. निर्माताओं के अनुसार, आगामी फिल्म रेजांग ला की लड़ाई से प्रेरित है. इसी जगह पर चार्ली कंपनी, 13 कुमाऊं रेजिमेंट के सैनिकों ने अद्वितीय साहस, वीरता और बलिदान का प्रदर्शन किया था. ‘120 बहादुर’ को रितेश सिधवानी और फरहान की निर्माता कंपनी ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’, अमित चंद्रा के ‘ट्रिगर हैप्पी स्टूडियो’ के सहयोग से बना रही है. फिल्म का पहला शूट आज लद्दाख में शुरू हो रहा है. ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस बारे में जानकारी दी.

पोस्ट में निर्माताओं ने कहा, ” मेजर शैतान सिंह पीवीसी और चार्ली कंपनी, 13 कुमाऊं रेजिमेंट के सैनिकों की कहानी आपके सामने लाना एक सौभाग्य की बात है.” इसने कहा, ”भारत-चीन युद्ध के दौरान 18 नवंबर 1962 की लड़ी गई जंग रेजांग ला की लड़ाई के रूप में प्रसिद्ध, यह सभी बाधाओं के बावजूद वर्दी में हमारे जवानों द्वारा दिखाए गए उल्लेखनीय साहस, वीरता और निस्वार्थता की कहानी है.” निर्माताओं ने ”वीरता की इस अविश्वसनीय कहानी को स्क्रीन पर लाने” में उनके समर्थन के लिए भारतीय सेना का आभार भी व्यक्त किया.

कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘धाकड़’ के लिए मशहूर रजनीश घई ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन करेंगे.
पिछले सप्ताह फरहान ने कहा था कि वह एक ”विशेष फिल्म” की शूटिंग के लिए लद्दाख में हैं. फरहान ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी थी. फरहान ने अपनी फिल्म ‘लक्ष्य’ (2004) और ‘भाग मिल्खा भाग’ (2013) की शूटिंग भी पहाड़ी क्षेत्र में की थी. उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के स्थानीय लोगों की एक तस्वीर के साथ पोस्ट में लिखा था, ”लक्ष्य और भाग मिल्खा भाग के बाद एक बहुत ही खास फिल्म की शूटिंग के लिए लद्दाख वापस आ गया हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu