अर्थव्यवस्था में ‘अच्छे रिटर्न’ का वित्त मंत्री का दावा विडंबनापूर्ण: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Feb 2025 06:29 PM
अर्थव्यवस्था में ‘अच्छे रिटर्न’ का वित्त मंत्री का दावा विडंबनापूर्ण: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का यह दावा विडंबनापूर्ण है कि भारत एक ऐसी अर्थव्यवस्था है जहां निवेशकों को बेहतर रिटर्न मिल रहा है. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि ‘दृष्टिकोण’ के अभाव वाली मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था और भारतीय नागरिकों का जीवन बर्बाद कर दिया है.

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मोदी सरकार की वित्त मंत्री के इस बयान से अधिक विडंबनापूर्ण कुछ नहीं हो सकता कि हमारी अर्थव्यवस्था अच्छा रिटर्न दे रही है.” खरगे के अनुसार, 2025 में अब तक भारतीय शेयर बाजार से 45 लाख करोड़ रुपये साफ हो चुके हैं और 50 प्रमुख कंपनियों ने पांच साल में सबसे खराब तिमाही लाभ हासिल किया है. कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ”विदेशी निवेशकों ने पिछले साल अक्टूबर से 1.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के शेयर बेचे हैं, जिसमें 2025 में लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के शेयर भी शामिल हैं. इससे छोटे और मध्यम निवेशकों की संपत्ति खत्म हो गई है.

उन्होंने कहा, ”रुपया 87 पर है, जिसका मतलब है कि व्यापार घाटा आसमान छू रहा है. पिछले पांच वर्षों में आयात 62.21 प्रतिशत बढ़ गया है. मोदी सरकार की व्यापार नीति भारत के लिए विनाशकारी है.” खरगे ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के 10 वर्षों की तुलना मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल से करते हुए कहा कि संप्रग सरकार के 10 वर्षों के दौरान निर्यात वृद्धि 549.36 प्रतिशत रही जबकि 2014 से 2024 तक मोदी सरकार के 10 वर्षों के दौरान निर्यात 24.72 प्रतिशत (अप्रैल-नवंबर 2024 तक) बढ़ा.

खरगे ने आरोप लगाया, “दृष्टिकोण के अभाव वाली, दिशाहीन और नीतिहीन मोदी सरकार ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद और भारतीय नागरिकों का जीवन बर्बाद कर दिया है.” सीतारमण ने सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली को लेकर चिंता को दूर करते हुए कहा था कि भारत में निवेश करने वालों को अच्छा रिटर्न (प्रतिफल) मिल रहा है और इससे वे मुनाफावसूली कर रहे हैं. सीतारमण ने मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि भारत एक ऐसी अर्थव्यवस्था है जहां निवेशकों को बेहतर रिटर्न मिल रहा है, जिससे मुनाफावसूली होती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu