
श्रीनगर. जम्मू कश्मीर से 145 श्रद्धालुओं का पहला जत्था रविवार को हज यात्रा पर सऊदी अरब के लिए रवाना हुआ. कोरोना वायरस संक्रमण के चलते दो साल से हज यात्रा बंद थी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस साल केंद्र शासित प्रदेश के करीब 6,000 श्रद्धालु यात्रा करने वाले हैं. अधिकारियों के अनुसार, पहले पांच दिन श्रीनगर हवाई अड्डे से जेद्दा हवाई अड्डे के लिए केवल एक सीधी उड़ान होगी, उसके बाद दो उड़ानें संचालित होंगी.
जम्मू कश्मीर हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अब्दुल सलाम मीर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं. सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है और श्रद्धालुओं को कोई समस्या नहीं होगी.’’ उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु की रिपोर्ट में कोविड????-19 की पुष्टि नहीं हुई है. कार्यकारी अधिकारी और भारत की हज कमेटी के सदस्य एजाज हुसैन ने सभी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.



