
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने विदेश मंत्री एस जयशंकर की सुरक्षा में इज़ाफा किया है. उन्हें ‘वाई’ श्रेणी की जगह अब ‘ज़ेड’ श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी. सरकारी सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को जयशंकर (68) की सुरक्षा का जिम्मा संभालने का निर्देश दिया है. इससे पहले उन्हें दिल्ली पुलिस ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध करा रही थी. इसके तहत हथियारबंद सुरक्षा र्किमयों की टीम उनकी सुरक्षा में तैनात रहती थी.
सूत्रों ने बताया कि उन्हें अब सीआरपीएफ ‘ज़ेड’ श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराएगी और इसके तहत करीब 14-15 सशस्त्र कमांडो 24 घंटे पालियों में उनके साथ रहेंगे. सीआरपीएफ की वाईआईपी सुरक्षा फिलहाल 176 लोगों को प्राप्त है जिनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाद्रा शामिल हैं.



