एथेंस. यूनान के रोड्स द्वीप पर जंगल में छठे दिन भी आग की लपटें उठते रहने के कारण करीब 19,000 लोगों को वहां से निकाला गया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. जलवायु परिवर्तन और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय ने कहा, “देश में यह पहली बार है कि जंगल में लगी आग के कारण इतने लोगों को निकालना पड़ा है.” स्थानीय पुलिस ने कहा कि 12 गांवों और कई होटलों से 16,000 लोगों को भू-मार्गों से और 3000 को जलमार्गों से निकाला गया.
छह लोगों को सांस लेने में समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया जिन्हें कुछ समय बाद में छुट्टी मिल गई. अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति और एक गर्भवती महिला अब भी अस्पताल में हैं लेकिन महिला की हालत ठीक है. व्यक्ति होटल से निकाले जाने के दौरान गिर गया था और उसका पैर टूट गया. अवकाश के दौरान पर्यटन पैकेज देने वाली कंपनियों-टीयूआई और जेट-2 ने रोड्स की उड़ानें रद्द कर दी हैं.
यूनान में ब्रिटिश राजदूत मैथ्यू लॉज ने कहा कि ब्रिटेन सरकार रोड्स में अपने नागरिकों की मदद के लिए त्वरित तैनाती दल भेज रही है. यूनान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि रोड्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हेल्पडेस्क स्थापित करने के लिए कर्मी रोड्स जा रहे हैं ताकि जिन आंगुतकों के यात्रा दस्तावेज गुम हो गए हैं, उनकी मदद की जा सके.
अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता यान्निस आर्टोपियोस ने बताया कि जंगल की आग बुझाने में रविवार सुबह 266 दमकलकर्मी और 49 दमकल गाड़ियां लगी हुई थीं. उन्होंने कहा कि इस काम में पांच हेलीकॉप्टर और 10 विमान भी लगे हुए हैं. यूरोपीय संघ के मानवीय सहायता एवं संकट प्रबंधन आयुक्त जेनेज लेनारसिस ने रविवार दोपहर ट्वीट किया, ”यूरोपीय संघ से 450 से अधिक दमकलकर्मी एवं सात विमान यूनान में आग बुझाने में लगे हैं क्योंकि आग और फैल रही है.”