सड़क हादसे में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह घायल, पत्नी की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Jan 2024 10:04 PM
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान में अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को सड़क हादसे में बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल और उनका बेटा घायल हो गया जबकि उनकी पत्नी की मौत हो गई. मानवेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे हैं. थानाधिकारी नेकीराम ने बताया कि दिल्ली से जयपुर आ रहे सिंह की (एसयूवी) कार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नौगांव के पास एक पुल की दीवार से टकरा गई जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गये.

पुलिस के अनुसार यह हादसा चालक नरेन्द्र के वाहन पर से नियंत्रण खो जाने के कारण हुआ. उसके मुताबिक घायलों को अलवर के निजी अस्पताल ले जाया गया. अलवर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है लेकिन हादसा संभवत: चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो जाने के कारण हुआ है. उनके मुताबिक इस वाहन में चार लोग थे.

अलवर के सोलंकी अस्पताल के चिकित्सक विक्रांत सोलंकी ने बताया कि मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह को मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि मानवेन्द्र सिंह और उनके बेटे हमीर सिंह और चालक नरेंद्र का इलाज चल रहा है. पुलिस के मुताबिक हादसे के बारे में मानवेंद्र सिंह के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे सहित अनेक नेताओं ने इस हादसे पर शोक जताया है. शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा,”दिल्ली-मुंबई हाईवे पर नौगांव में हुई सड़क दुर्घटना में बाड़मेर-जैसलमेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जी तथा उनके सुपुत्र के घायल होने एवं उनकी धर्मपत्नी के निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत दु?खी है.” उन्होंने लिखा,”प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं मानवेंद्र सिंह जी तथा उनके सुपुत्र को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.”

गहलोत ने इस हादसे पर शोक जताते हुए ‘एक्स’ पर लिखा,”सड़क दुर्घटना में मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह के निधन का समाचार दुखद है. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति एवं परिजनों को इस दुख को सहने की हिम्मत देने की कामना करता हूं.” राजे ने ‘एक्स’ पर लिखा ”सड़क दुर्घटना में पूर्व सांसद एवं विधायक मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह के निधन का समाचार सुन आहत हूं.” उन्होंने कहा ”मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति दें. शोक संतप्त परिजनों और जसोल-वासियों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करती हूं. मानवेंद्र सिंह और उनके पुत्र भी घायल हुए हैं, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ.”

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी पी जोशी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है.बाड़मेर से पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे. उन्होंने झालरापाटन निर्वाचन क्षेत्र से तत्कालीन मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे के खिलाफ 2018 विधानसभा चुनाव भी लड़ा था. वह चुनाव हार गये थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu