आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर वसूली के आरोप में चार टोल कर्मी बर्खास्त, मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Dec 2025 10:49 PM
आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर वसूली के आरोप में चार टोल कर्मी बर्खास्त, मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

सुलतानपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हलियापुर टोल प्लाजा के प्रबंधक द्वारा एक नवविवाहित जोड़े का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर अवैध वसूली करने के मामले में मुख्य आरोपी समेत चार टोल कर्मियों को बर्खास्त कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी.

पुलिस ने यहां बताया कि मंगलवार को हलियापुर में तैनात दारोगा रफ्फन खां की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. सूत्रों के अनुसार मंगलवार रात अयोध्या के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और मातहत अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

यूपीडा के अधिकारियों ने यातायात प्रबंधक शशांक शेखर, सिस्टम टेक्नीशियन आशुतोष तिवारी, सिस्टम इंजीनियर प्रमोद कुमार और एक अन्य कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है. यूपीडा के परियोजना प्रबंधक अभिषेक चौहान ने बताया कि इन पर वीडियो प्रसारित करने और दंपति को ब्लैकमेल करने का आरोप है.

इन पर अलग अलग तारीखों पर सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने, नवदंपति का आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर ब्लैकमेल करने तथा अवैध वसूली करने का आरोप है. बल्दीराय के पुलिस क्षेत्राधिकार आशुतोष कुमार ने बुधवार को बताया कि सभी चार आरोपी टोल र्किमयों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu