ओडिशा के जाजपुर में ‘काला जादू’ हटाने के लिए लड़कियों की पिटायी, महिला पुजारी एवं सहयोगी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Aug 2025 09:26 PM
ओडिशा के जाजपुर में ‘काला जादू’ हटाने के लिए लड़कियों की पिटायी, महिला पुजारी एवं सहयोगी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

जाजपुर. ओडिशा के जाजपुर जिले में एक किशोरी पर से “काला जादू का असर” हटाने के लिए उसे और एक अन्य लड़की को बेंत से पीटने के आरोप में एक पुजारिन समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पीड़िता और उसे बचाने का प्रयास करने वाली एक अन्य लड़की इसमें घायल हो गईं और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार को पंटूरी गांव में हुई.

अधिकारी ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति की किशोरवय बेटी पिछले सप्ताह बीमार हो गई थी और उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया. उन्होंने बताया कि बाद में परिवार उसे यह कहते हुए घर ले आया कि अस्पताल में उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है. अधिकारी ने बताया कि इसके बाद परिवार ने गांव के तारिणी मंदिर की एक पुजारिन से सलाह ली, जिसने कथित तौर पर उसकी बीमारी का कारण टोना-टोटका बताया.

अधिकारी ने बताया कि पुजारिन की पहचान 45 वर्षीय गेदी देहुरी के रूप में हुई है. पुजारिन ने लड़की के परिवार को इलाज के लिए उसको देवी की पूजा कराने के उद्देश्य से तारिणी मंदिर लाने की सलाह दी और परिवार ने उनके कहे अनुसार ऐसा ही किया. अधिकारी ने बताया कि देहुरी और उनकी सहयोगी तुलसी महाकुद (26) ने कथित रूप से लड़की पर से काला जादू का असर हटाने के लिए उसे बेंत से पीटा. उन्होंने बताया कि लड़की दर्द से चीखने लगी और गांव की सड़क पर दौड़ पड़ी, लेकिन दोनों महिलाएं उसे सबके सामने पीटती रहीं.

अधिकारी के अनुसार जब एक अन्य लड़की पीड़िता को बचाने आई, तो उसे भी पुजारी और उसकी सहयोगी ने कथित रूप से पीटा.
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों लड़कियों को बचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी. अधिकारी के अनुसार जेणापुर पुलिस गांव पहुंची, पुजारी और उसकी सहयोगी को थाने ले गई और घायल लड़कियों को इलाज के लिए धर्मशाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया. जाजपुर के पुलिस अधीक्षक यश प्रताप श्रीमाल ने बताया कि इस घटना को लेकर पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी गई है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu