सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट; सिल्वर ₹24000 तक टूटी, गोल्ड ₹8000 सस्ता

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 30 Jan 2026 11:36 AM
सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट; सिल्वर ₹24000 तक टूटी, गोल्ड ₹8000 सस्ता
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। लगातार तेज उछाल के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते कीमती धातुओं के भाव अचानक टूट गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर खुलते ही सोना और चांदी दोनों लाल निशान में कारोबार करते दिखे।

सबसे बड़ी गिरावट चांदी की कीमतों में देखने को मिली। MCX पर चांदी का वायदा भाव करीब 24,000 रुपये तक टूट गया और 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी 23,993 रुपये गिरकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई।

गौरतलब है कि गुरुवार को चांदी ने ऐतिहासिक तेजी दिखाते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। कारोबार के अंत में इसका भाव 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी का लाइफ टाइम हाई स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था, जहां से एक ही दिन में करीब 44,148 रुपये की बड़ी गिरावट देखने को मिली।

वहीं सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। MCX पर सोना खुलते ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया।

घरेलू बाजार में सोने-चांदी का भाव
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, गुरुवार को चांदी ने लगातार चौथे सत्र में अपनी बढ़त जारी रखी और 19,500 रुपये या 5.06 प्रतिशत की वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई।

वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 12,000 रुपये या 7.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1,71,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के पिछले बंद भाव से बढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

जनवरी में अब तक सोने की कीमतों में 24% से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है, जो लगातार छठे महीने तेजी की ओर इशारा करती है। यह जनवरी 1980 के बाद सबसे बड़ी मासिक बढ़त मानी जा रही है। वहीं चांदी की कीमतें इस महीने करीब 62% तक उछल चुकी हैं, जो इसके इतिहास की सबसे बड़ी मासिक तेजी की ओर संकेत करती हैं।

प्रमुख शहरों में सोने के दाम
देश के प्रमुख महानगरों में 24 कैरेट सोने के भाव इस प्रकार रहे-

मुंबई: लगभग 1,70,170 रुपये प्रति 10 ग्राम
कोलकाता: करीब 1,69,950 रुपये
दिल्ली: लगभग 1,69,880 रुपये
चेन्नई: करीब 1,70,670 रुपये
हैदराबाद: लगभग 1,70,440 रुपये
बंगलूरू: करीब 1,70,310 रुपये
दक्षिण भारत के बाजारों में सोने के दाम उत्तर भारत की तुलना में अधिक बने हुए हैं।

चांदी की कीमतें

चांदी की तेजी को एआई डेटा सेंटर और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में बढ़ती मांग के साथ-साथ सीमित भौतिक आपूर्ति से बल मिला है।

मुंबई: करीब 4,01,760 रुपये प्रति किलोग्राम
दिल्ली: लगभग 4,01,060 रुपये
चेन्नई: करीब 4,02,920 रुपये
हैदराबाद: लगभग 4,02,390 रुपये
बंगलूरू: करीब 4,02,070 रुपये
कोलकाता: करीब 3,86,420 रुपये
अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव

शुक्रवार को सोना-चांदी के दाम ऑल टाइम हाई के करीब बने रहे, हालांकि एक दिन पहले के मुकाबले कॉमेक्स और MCX पर हल्की गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोना घटकर 5,412.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि एक दिन पहले यह 5,500 डॉलर के करीब था। इससे पहले सोने ने 5,586.20 डॉलर प्रति औंस का ऐतिहासिक उच्च स्तर छुआ था। चांदी की कीमतें भी मामूली नरमी के साथ 117.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गईं, जबकि इससे पहले यह 119 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर छू चुकी थीं।

विश्लेषकों के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस और भू-राजनीतिक तनाव के चलते सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने-चांदी की मांग बढ़ी है, जिससे कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital