सोना तस्करी मामला: अभिनेत्री रान्या राव की जमानत याचिका पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 10:41 PM
सोना तस्करी मामला: अभिनेत्री रान्या राव की जमानत याचिका पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. सोने की तस्करी के आरोप में केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव की जमानत याचिका पर शहर की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया. राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की दलीलों के बाद आर्थिक अपराध अदालत शुक्रवार को अपना फैसला सुनाएगी. डीआरआई ने आगे की जांच के लिए उसकी हिरासत का अनुरोध किया है.

अदालती कार्यवाही के दौरान, डीआरआई ने राव की तीन दिन की हिरासत की मांग की तथा राष्ट्रीय सुरक्षा पर संभावित प्रभाव के कारण गहन जांच की आवश्यकता पर बल दिया. एजेंसी ने जोर देकर कहा कि उससे पूछताछ से एक बड़े तस्करी गिरोह से संबंध का पता चल सकता है, जिसके लिए बहुस्तरीय जांच की आवश्यकता है. अभिनेता की कानूनी टीम ने इस अनुरोध का विरोध करते हुए तर्क दिया कि ऐसी हिरासत अनावश्यक थी.

अभियोजन पक्ष ने हालांकि यह कहते हुए जवाब दिया कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाना चाहिए. दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने फैसला किया कि जमानत याचिका पर तभी विचार किया जाएगा जब जांच निर्णायक चरण में पहुंच जाएगी.

कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव के पास से 14.2 किलोग्राम सोने की छड़ें जब्त की गई, जिनका अनुमानित मूल्य 12.56 करोड़ रुपये है. इसके बाद अभिनेत्री के आवास की तलाशी में 2.06 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये नकद जब्त किये गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu