विरोधियों को फंसाने के लिए करवाया अपनी ही पत्नी से दुष्कर्म

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 02 May 2022 07:24 PM
विरोधियों को फंसाने के लिए करवाया अपनी ही पत्नी से दुष्कर्म
ऑडियो सुनें

बदायूं. बदायूं के जिले के सहसवान क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपने विरोधियों को फंसाने के लिये अपने साथी द्वारा अपनी ही पत्नी से दुष्कर्म करवाये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात सहसवान कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसका पति उसे खेत में घुमाने की बात कह कर मोटरसाइकिल से जंगल में ले गया। वहां उसने फोन करके एक व्यक्ति को बुलाया, जिसने उसके पति की शह पर उससे दुष्कर्म किया।

महिला ने पुलिस को बताया कि दुष्कर्म के एक घंटे बाद उसके पति ने फिर उसी व्यक्ति को बुलाया और दोबारा उसके साथ दुष्कर्म करवाया। उसके बाद उसके पति ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया और अपने विरोधी दो लोगों पर अपनी पत्नी से दुष्कर्म का आरोप लगाया।

सूत्रों ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस पीड़िता और उसके पति को कोतवाली ले आई। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति गांव के दो अन्य लोगों को फंसाने का प्रयास कर रहा था जबकि दुष्कर्म उसके द्वारा ही बुलाए व्यक्ति द्वारा किया गया है जो उसके पति का दोस्त है और सामने आने पर वह उसे पहचान भी सकती है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। उसके साथी की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी पति अपने साथी के बारे में पुलिस को लगातार गुमराह कर रहा है। उम्मीद है कि मोबाइल र्सिवलांस द्वारा उसकी कॉल डिटेल से उसके साथी की पहचान कर शीघ्र ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav