सरकार ने रियायती दर पर बेचे जाने वाले टमाटर की कीमत घटाकर 70 रुपये की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Jul 2023 07:58 PM
सरकार ने रियायती दर पर बेचे जाने वाले टमाटर की कीमत घटाकर 70 रुपये की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने आम आदमी को ऊंची खुदरा कीमतों से राहत देने के लिए रियायती दर पर बेचे जा रहे टमाटर की कीमत बृहस्पतिवार से 80 रुपये प्रति किलो से घटाकर 70 रुपये प्रति किलो कर दी. केंद्र सरकार, भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नेफेड) के माध्यम से दिल्ली और कुछ अन्य प्रमुख शहरों में लोगों को पिछले सप्ताह शुक्रवार से रियायती दर पर टमाटर बेच रही है.

टमाटर की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत लगभग 120 रुपये प्रति किलोग्राम है. हालांकि कुछ स्थानों पर यह सब्जी 245 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है. राष्ट्रीय राजधानी में कीमत घटकर 120 रुपये प्रति किलो रह गयी है. एक सरकारी बयान के अनुसार, ” उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने टमाटर की कीमतों में गिरावट के मद्देनजर एनसीसीएफ और एनएएफईडी को 20 जुलाई 2023 से 70 रुपये प्रति किलो की खुदरा कीमत पर टमाटर बेचने का निर्देश दिया है. ” एनसीसीएफ और एनएएफईडी द्वारा खरीदे गए टमाटरों को शुरुआत में 90 रुपये प्रति किलो पर बेचा गया. इसके बाद 16 जुलाई 2023 से इसकी कीमत घटाकर 80 रुपये प्रति किलो कर दी गई थी.
बयान के अनुसार, ”दाम में कटौती कर इसे 70 रुपये प्रति किलो पर बेचने से उपभोक्ताओं को और लाभ होगा.” बयान में कहा गया है कि सरकार के निर्देश पर, एनसीसीएफ और एनएएफईडी ने उन प्रमुख उपभोग केंद्रों में एक साथ उपलब्धता बढ.ाने के लिए आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर की खरीद शुरू की थी, जहां खुदरा कीमतों में पिछले एक महीने में अधिकतम वृद्धि दर्ज की गई है.

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में टमाटर की खुदरा बिक्री 14 जुलाई, 2023 से शुरू हुई थी. 18 जुलाई, 2023 तक दोनों एजेंसियों पे कुल 391 टन टमाटर की खरीद की. इसे प्रमुख रूप से दिल्ली और आसपास के शहरों, राजस्थान, उत्तर प्रदेश तथा बिहार के प्रमुख उपभोग केंद्रों में खुदरा उपभोक्ताओं को लगातार उपलब्ध कराया या जा रहा है.” उपभोक्ता मामले के विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को टमाटर की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 119.29 रुपये प्रति किलो रही.

अधिकतम खुदरा मूल्य 245 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि न्यूनतम खुदरा मूल्य 40 रुपये प्रति किलोग्राम और मॉडल मूल्य 120 रुपये प्रति किलोग्राम है. राष्ट्रीय राजधानी के खुदरा बाजारों में टमाटर की कीमत रविवार के 178 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर बृहस्पतिवार को औसतन 120 रुपये प्रति किलो पर आ गयी.

अन्य महानगरों में, मुंबई में टमाटर 155 रुपये प्रति किलो, चेन्नई में 132 रुपये प्रति किलो और कोलकाता में 143 रुपये प्रति किलो पर बिक रहा था. टमाटर की कीमतें आम तौर पर जुलाई-अगस्त और अक्टूबर-नवंबर की अवधि के दौरान बढ.ती हैं. ये आम तौर पर कम टमाटर उत्पादन वाले महीने होते हैं. मानसून के कारण आपूर्ति में बाधा आने के कारण टमाटर की दरों में भारी वृद्धि हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu