राज्यपाल जानबूझकर केरल की शांति ‘भंग’ करने की कोशिश कर रहे हैं : विजयन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Dec 2023 08:24 PM
राज्यपाल जानबूझकर केरल की शांति ‘भंग’ करने की कोशिश कर रहे हैं : विजयन
ऑडियो सुनें

पथनमथिट्टा. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पर जानबूझकर ‘भड़काऊ’ बयान देकर राज्य की शांति को ‘जानबूझकर भंग करने का प्रयास’ करने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने यह गंभीर आरोप राज्य सरकार के एक जन संपर्क कार्यक्रम ‘नव केरल सदास’ के हिस्से के रूप में यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान लगाया.

राज्यपाल द्वारा प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) कार्यकर्ताओं को ‘अपराधी’ कहे जाने के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए विजयन ने कहा,” खान ऐसी अवस्था में पहुंच गए हैं, जिसमें उनके मन में जो आता है, वह कह देते हैं.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”वह (खान) भूल रहे हैं कि वह केरल के राज्यपाल हैं.” विजयन ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि खान ‘जानबूझकर अपने कृत्यों के माध्यम से राज्य की शांति को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं” और यह राज्यपाल के बाद के कृत्यों से भी साबित हो गया है.

मुख्यमंत्री ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र इकाई एसएफआई के प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को ‘अपराधी’ और ‘गुंडा’ कहने को लेकर भी खान की आलोचना की. उन्होंने कहा, ”वह प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ऐसे अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं.” खान ने एक दिन पहले दोहराया था कि सत्तारूढ़ माकपा की छात्र इकाई के कार्यकर्ता ‘अपराधी’ हैं, जिन्हें अपने किसी भी फैसले पर सफाई देने के लिए वह बाध्य नहीं हैं.

खान ने यह आरोप तब लगाया था, जब उनके वाहन पर कथित तौर पर एसएफआई कार्यकर्ताओं ने हमला किया था. खान के मुताबिक, जब वह दिल्ली जाने के लिए तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जा रहे थे, तब एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उनके वाहन पर हमला किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu