नकली सोने के व्यापारी के घर के नीचे सुरंग मिलने से राज्यपाल चिंतित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jul 2024 08:48 PM
नकली सोने के व्यापारी के घर के नीचे सुरंग मिलने से राज्यपाल चिंतित
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने दक्षिण 24 परगना जिले में नकली सोने की मूर्ति का कारोबार करने के आरोप में गिरफ्तार व्यापारी के घर के नीचे सुरंग मिलने पर रविवार को चिंता जताई और कहा कि यह ”राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता” का विषय है. पुलिस को 15 जुलाई को कुलतली में आरोपी व्यापारी के घर के नीचे एक सुरंग मिली थी. यह सुरंग पास की उस नहर तक जाती है, जो मतला नदी में मिलती है.

राजभवन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”सुनियोजित ढंग से निर्मित सुरंग, जो कथित तौर पर सुंदरबन में मतला नदी में बहने वाली एक नहर तक जाती है, जिसके आगे भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा है, स्पष्ट रूप से राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है.” पुलिस की छापेमारी के दौरान घर के मालिक और नकली सोने के व्यापारी सद्दाम सरदार के इस सुरंग के रास्ते भागने का संदेह था. हालांकि, बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

दरअसल, छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने सरदार को पकड़ लिया था, लेकिन उसके परिवार के सदस्यों ने टीम के साथ हाथापाई कर उसकी भागने में मदद की. राज्यपाल ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस को सरदार के नकली सोने की मूर्ति के कथित कारोबार के फलने-फूलने की जानकारी थी और ”अब स्थिति यह हो गई है कि हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता होने के कारण राज्य की छवि पर बुरा असर पड़ रहा है.” राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संगठित अपराध में कमी लाने के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों पर ‘रिपोर्ट’ मांगी है. बोस ने राज्य सरकार से पुलिस की भूमिका को निष्पक्ष और सक्रिय बनाने को भी कहा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu