सबसे प्रसिद्ध फिल्मी सितारे का गिनीज विश्व रिकॉर्ड चिरंजीवी के नाम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Sep 2024 10:07 PM
सबसे प्रसिद्ध फिल्मी सितारे का गिनीज विश्व रिकॉर्ड चिरंजीवी के नाम
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. भारतीय फिल्म उद्योग के सबसे प्रसिद्ध सितारे का गिनीज विश्व रिकॉर्ड रविवार को मेगास्टार के. चिरंजीवी के नाम जुड़ गया. गिनीज विश्व रिकॉर्ड के एक प्रतिनिधि ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में इस उपलब्धि से संबंधित प्रमाण पत्र चिरंजीवी को सौंपा.

प्रमाण पत्र के मुताबिक, “मेगास्टार अभिनेता/नर्तक कोनिडेला चिरंजीवी भारतीय फिल्म उद्योग के सबसे प्रसिद्ध सितारे हैं, जिन्हें यह उपलब्धि 20 सितंबर 2024 को हासिल हुई.” चिरंजीवी ने सभी का आभार जताते हुए कहा, “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मेरे नाम गिनीज विश्व रिकॉर्ड दर्ज होगा. इतने वर्षों के फिल्मी करियर में नृत्य मेरे जीवन का हिस्सा बन गया था.” अभिनेता के करीबी सूत्रों ने बताया, “मेगास्टार चिरंजीवी ने 45 साल के करियर में 156 फिल्मों में 537 गानों पर 24,000 से अधिक ‘डांस स्टेप’ किए. अभिनेता ने 1978 में 22 सितंबर की तारीख को ही अभिनय की दुनिया में दस्तक दी थी.” कार्यक्रम में चिरंजीवी के साथ मंच साझा करने वाले बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने खुद को चिरंजीवी का बहुत बड़ा प्रशंसक बताया.

आमिर ने कहा, “मैं उन्हें अपने बड़े भाई के तौर पर देखता हूं. मैं बहुत खुश हूं कि चिरंजीवी गारू को यह सम्मान दिया जा रहा है और इसके बारे में जानकर मैं वास्तव में बहुत रोमांचित था. अगर आप उनके किसी भी गाने में उन्हें देखेंगे, तो पता चलेगा कि वह ‘दिल से’ नाचते हैं और इसका भरपूर मजा लेते हैं.” तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चिरंजीवी को बधाई दी और कहा, “यह तेलुगु लोगों के लिए गर्व की बात है कि लोकप्रिय फिल्म अभिनेता कोनिडेला चिरंजीवी को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली है.” चिरंजीवी ‘रुद्र वीणा’, ‘इंद्र’, ‘टैगोर’, ‘स्वयं कृषि’, ‘सई रा नरसिम्हा रेड्डी’, ‘स्टालिन’ और ‘गैंग लीडर’ जैसी सफल फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं. उन्हें इस साल देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu