गुजरात: महिला तालुका पंचायत सदस्य पर ‘प्रेम प्रसंग’ के चलते हमला, बाल काटे गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Oct 2024 07:25 PM
गुजरात: महिला तालुका पंचायत सदस्य पर ‘प्रेम प्रसंग’ के चलते हमला, बाल काटे गए
ऑडियो सुनें

तापी. गुजरात के तापी जिले में कथित प्रेम संबंध को लेकर एक महिला तालुका पंचायत सदस्य की कुछ लोगों ने पिटाई की और उसके बाल काट दिए. पुलिस ने इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. सोनगढ़ तालुका पंचायत की उर्मिला गामित पर शनिवार शाम एक महिला और तीन पुरुषों ने हमला किया तथा हॉकी स्टिक से उसकी पिटाई की. सोनगढ़ थाने के अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने उसके बाल भी काट दिए.

पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला को सार्वजनिक स्थान पर उस समय निशाना बनाया गया जब वह अपनी बेटी के साथ दोपहिया वाहन से घर जा रही थी. हमलावरों में से एक शोभना गामित ने उर्मिला पर उसके पति के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया.
उन्होंने बताया कि शोभना के साथ आए लोगों, जिनमें उसका बेटा भी शामिल था, ने उर्मिला को हॉकी स्टिक से पीटा जिससे उसके बाएं हाथ की हड्डी टूट गई और कमर तथा सिर में चोटें आईं. पुलिस ने दर्ज मामले के आधार पर कहा कि हमलावरों ने उसका सोने का पेंडेंट भी छीन लिया और भाग गए. उर्मिला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. अधिकारी ने बताया कि उसकी शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu