हैरिस ने अगले छह सप्ताह के लिए गाजा में तत्काल युद्धविराम का आह्वान किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 04 Mar 2024 12:13 PM
हैरिस ने अगले छह सप्ताह के लिए गाजा में तत्काल युद्धविराम का आह्वान किया
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन: अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने गाजा में कम से कम अगले छह सप्ताह के लिए तत्काल युद्धविराम का आह्वान किया है। उन्होंने इजराइली सरकार से युद्ध से तबाह हुए इलाके में सहायता की आपूर्ति बढ़ाने के लिए ‘‘और प्रयास’’ करने की अपील की है।

हैरिस ने अलबामा के सेल्मा में नागरिक अधिकारों के लिए मार्च निकाल रहे लोगों पर हुए हमलों के 59 साल पूरे होने पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही। जिस दिन ये हमले हुए थे, उसे ‘ब्लडी संडे’ (खूनी रविवार) के नाम से जाना जाता है। मतदान के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं को 1965 में कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने जिस एडमंड पेट्टस ब्रिज पर पीटा था, वहीं यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

हैरिस (59) ने कहा, ‘‘हमास ने इजराइल के लोगों के लिए जो खतरा पैदा किया है, उसे नष्ट किया जाना चाहिए और गाजा में विशाल पैमाने पर हो रही पीड़ा को देखते हुए कम से कम अगले छह सप्ताह के लिए तत्काल युद्धविराम होना चाहिए जिस पर अभी वार्ता हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे बंधकों को बाहर निकाल लिया जाएगा और पर्याप्त मात्रा में मदद की आपूर्ति हो सकेगी। ’’ हैरिस ने कहा, ‘‘हमास का दावा है कि वह युद्धविराम चाहता है। समझौते पर बातचीत जारी है और हमने कहा है कि हमास को उस समझौते पर राजी होना होगा। आइए, युद्ध विराम करते हैं।

आइए, बंधकों को उनके परिजन से मिलाते हैं। आइए, गाजा के लोगों को तत्काल राहत मुहैया कराते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इजराइली सरकार को सहायता की आपूर्ति को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने के लिए और अधिक प्रयास करना चाहिए। इसे लेकर कोई बहाना नहीं चल सकता। उन्हें नई सीमाएं खोलनी होंगी। उन्हें सहायता वितरण पर कोई अनावश्यक प्रतिबंध नहीं लगाना चाहिए।’’

भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने हैरिस के इस आह्वान का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘‘उपराष्ट्रपति ने गाजा में तत्काल युद्धविराम और तत्काल सहायता का आह्वान किया है। यह पहली बार है जब प्रशासन ने ऐसी भाषा प्रयोग की है। यह महत्वपूर्ण है। आइए, अब नीतिगत बदलाव के साथ इसका समर्थन करें।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav