भाजपा में शामिल हुए हेमंत सोरेन के चुनाव प्रस्तावक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी

रांची. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के चुनाव प्रस्तावकों में से एक मंडल मुर्मू को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है. इस मामले में बुधवार को एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. सोरन ने विधानसभा चुनाव के लिए बरहैट विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया है.

वर्ष 1855 में संथाल विद्रोह की अगुवाई करने वाले सिदो मुर्मू और कान्हू मुर्मू के वंशज मंडल मुर्मू रविवार को देवघर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए थे. दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मुर्मू को सोशल मीडिया मंच पर कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी गई थी. हमने इस संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है.”

साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती ने बताया, “धमकी की सूचना मिलते ही हमने व्यक्ति के ठिकाने का पता लगाया. पता चला कि वह दुमका जिले का रहने वाला है. हमने तुरंत दुमका पुलिस को सूचित किया.” उन्होंने बताया कि साहिबगंज जिले के निवासी मुर्मू को सुरक्षा भी मुहैया कराई गई है.

इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पुलिस से धमकी देने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मुर्मू के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया था. उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “यह राजनीति का सबसे निचला स्तर है. ऐसी धमकियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. झारखंड पुलिस और साहिबगंज पुलिस से अनुरोध है कि आपराधिक मानसिकता वाले ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें. झारखंड निर्वाचन अधिकारी और साहिबगंज उपायुक्त कृपया मंडल मुर्मू के परिवार की सुरक्षा की व्यवस्था करें.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button