जम्मू में आतंकवाद निरोधक अभियान के दौरान हिजबुल मुजाहिदीन का एक आतंकवादी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Jul 2024 08:29 PM
जम्मू में आतंकवाद निरोधक अभियान के दौरान हिजबुल मुजाहिदीन का एक आतंकवादी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर के पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा जिलों के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को सुरक्षा बलों द्वारा शुरू किए गए तलाश अभियान के दौरान हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा निवासी अब्दुल खलील को आतंकवाद निरोधक अभियान के दौरान पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके से गिरफ्तार किया गया.

उन्होंने बताया कि खलील के पास से एक पिस्तौल और कुछ गोला-बारूद बरामद किए गए. खलील, प्रतिबंधित हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादियों की सीमा पार से घुसपैठ कराने के दौरान मार्गदर्शक के तौर पर काम करता था. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आतंकवादी के पास से एक मोबाइल फोन और कई पाकिस्तानी सिम कार्ड जब्त किए गए हैं.

अधिकारियों ने बताया कि पुंछ के देहरा की गली इलाके में दो संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने करीब छह गांवों में घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया. उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात देहरा की गली के पास सलामपुरा गांव में काले कपड़े पहने दो हथियारबंद संदिग्ध घूमते देखे गए थे. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की मदद से संयुक्त अभियान शुरू किया.

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों को निचले पंगाई इलाके की ओर बढ़ते देखा गया. उन्होंने बताया कि तलाश अभियान जारी है, लेकिन संदिग्धों का पता फिलहाल नहीं लगा है. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार की सुबह पुंछ के सुरनकोट इलाके के सनाई, जंगल, पट्टन और आसपास के गांवों तथा किश्तवाड़ जिले के द्राबशल्ला इलाके के बांगर-सरूर जंगल में तलाश अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि डोडा के देसा और आसपास के जंगलों तथा राजौरी जिले के लाम और नौशेरा सेक्टर के सीमावर्ती इलाकों में भी तलाश अभियान शुरू किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu