नवी मुंबई में हॉस्टल प्रबंधक ने मालिक की प्रताड़ना से तंग आकर की आत्महत्या

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 06 Feb 2024 01:19 PM
नवी मुंबई में हॉस्टल प्रबंधक ने मालिक की प्रताड़ना से तंग आकर की आत्महत्या
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र में ‘पेइंग गेस्ट’ के लिए बने एक हॉस्टल के 26 वर्षीय प्रबंधक ने नवी मुंबई में अपने आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसी के आवास पर रहने और भोजन आदि की सुविधा के लिए भुगतान करने वाले व्यक्ति को ‘पेइंग गेस्ट’ कहा जाता है।

पुलिस ने बताया कि युवक सोमवार सुबह खारघर में अपने आवास पर मृत पाया गया जिसके बाद पुलिस ने उल्वे इलाके में स्थित निजी हॉस्टल चलाने वाले 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उसे प्रबंधक के अपहरण और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

एनआरआई सागरी पुलिस थाने के उपनिरीक्षक सुभाष शेलार ने बताया कि आरोपी को शक था कि प्रबंधक ने हॉस्टल के पैसों में से 60,000 रुपये की गड़बड़ी की थी और यह राशि बाद में उसके पास से बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने यह भी दावा किया कि प्रबंधक हॉस्टल में रह रहे लोगों से भी तय शुल्क से 5,500 रुपये अतिरिक्त ले रहा था।

उन्होंने बताया कि रविवार को आरोपी ने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर उल्वे से प्रबंधक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। वे उसे दिवाले गांव में एक मंदिर के समीप एक फ्लैट में लेकर गए और उसे लोहे के एक पाइप से कथित तौर पर पीटा।

शेलार ने पीड़ित की मां की शिकायत के हवाले से बताया कि प्रबंधक ने इससे परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने आरोपी को मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया और उस पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 363 (अपहरण) और 34 (साझा मंशा) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav