
त्रिशूर. केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने रविवार को कहा कि कांग्रेस और वामपंथी दलों द्वारा लगाए गए मतदाता सूची में हेरफेर के आरोपों का जवाब देने की उन्हें कोई जरूरत नहीं है और भारत निर्वाचन आयोग उन्हें इस संबंध में जवाब देगा. गोपी ने कहा कि वह एक मंत्री हैं और अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभा रहे हैं. पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने उन लोगों को ”वानर” भी कहा जिन्होंने उन पर मतदाता सूची में हेराफेरी के आरोप लगाए हैं.
गोपी ने कहा, ”निर्वाचन आयोग इस (आरोपों) पर जवाब देगा. निर्वाचन आयोग को ही जवाब देना चाहिए… मैं एक मंत्री हूं. मैं अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभा रहा हूं. वरना, जब वे इस मामले को उच्चतम न्यायालय ले जाएंगे तो उन्हें जवाब मिल जाएगा.” उन्होंने कहा कि जिन ”वानरों” ने ये आरोप लगाए हैं, वे भी जवाब पाने के लिए वहां जा सकते हैं. यह पहली बार है जब गोपी ने पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव के सिलसिले में अपने और भाजपा के खिलाफ लगे, मतदाता सूची में हेराफेरी के आरोपों का जवाब दिया. सुबह केंद्रीय मंत्री ने कोच्चि राज्य के पूर्व शासक शक्थान थंपुरन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
बाद में, जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्ष जोसेफ तजेट ने सुरेश गोपी की वानर संबंधी टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की संस्कृति उन्हें उसी तरह की भाषा में जवाब देने की इजाजत नहीं देती. यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अब यह सबके सामने स्पष्ट हो गया है कि गोपी ने मतदाता सूची में हेराफेरी की थी.
तजेट ने आरोप लगाया कि वह अपनी गलतियों को छिपाने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अब ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि गोपी ने आईना देखकर ”वानर” वाली टिप्पणी की होगी. कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी किसी भी कीमत पर उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों से पीछे नहीं हटेगी.
नेता ने कहा, ”उन्होंने अब तक आरोपों के बारे में अपना मुंह नहीं खोला था. अब, उनका जवाब त्रिशूर के सभी लोगों का अपमान करने के समान है. यह खेदजनक है. कांग्रेस उसी तर्ज पर जवाब नहीं दे सकती, क्योंकि यह एक ऐसी पार्टी है जो दूसरों का सम्मान करती है.” कांग्रेस ने पिछले हफ्ते गोपी के खिलाफ नए आरोप लगाए और उन पर 2024 के आम चुनाव के दौरान त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल होने के लिए झूठा घोषणापत्र जमा करने का आरोप लगाया. कांग्रेस ने अभिनेता से नेता बने गोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई.



