दिल्ली में विकास कार्यों को रोकने के लिए मुझे गिरफ्तार किया गया था: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Sep 2024 10:17 PM
दिल्ली में विकास कार्यों को रोकने के लिए मुझे गिरफ्तार किया गया था: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि शहर की जनता की नजरों में उन्हें ‘बेईमान’ साबित करने और विकास के कामों को रोकने के लिए भाजपा नीत केंद्र सरकार ने उन्हें गिरफ्तार किया था, लेकिन उन्हें ‘बेईमान’ साबित करने के हथकंडे विफल हो गए और सारे रुके हुए काम शुरू कराएंगे. केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन भाजपा पर जमकर निशाना साधा. केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार उनकी पार्टी के पांच नेताओं को गिरफ्तार करने के बावजूद आम आदमी पार्टी (आप) को नहीं तोड़ सकी, लेकिन भाजपा के दो नेताओं को जेल भेज दिया जाए तो पूरी पार्टी ही टूट जाएगी.

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया, “मुझे जेल भेजकर इनका मकसद आम आदमी पार्टी की सरकार को बदनाम करना था, ताकि उनको वोट मिल जाए. यह लोग पिछले 27 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर हैं. 27 साल से इनका वनवास चल रहा है और दिल्ली की जनता इनको वोट नहीं दे रही है. इसलिए दिल्ली की जनता को परेशान करके वोट लेना चाहते हैं.” केजरीवाल ने दावा किया, ” दिल्ली की जनता के मन में दो बातें हैं. पहला, केजरीवाल कट्टर ईमानदार है…. दूसरा, केजरीवाल जनता के लिए काम करता है. ये लोग दिल्ली की जनता में मन में बसी इन दोनों बातों पर चोट करना चाहते थे. ये लोग केजरीवाल को बेईमान साबित कर यह दिखाना चाहते थे कि केजरीवाल के सारे काम ठप हो गए.” ‘आप’ नेता ने कहा कि अगर भाजपा वाले दिल्ली की सारी सड़कें बनवा देते और तो निश्चित वे जीत जाते, क्योंकि काम रोकने या काम खराब करने से जनता वोट नहीं देगी, बल्कि अच्छा काम करने से वोट देगी.

उन्होंने कहा, ” मेरी गैर मौजूदगी ये लोग दिल्ली की सारी सड़कें बनवा देते और कहते कि केजरीवाल जेल में है, लेकिन हम सड़क बनवा रहे हैं. अगर ऐसा करते तो निश्चित ये जीत जाते….लेकिन इनकी ऐसी सोच नहीं है.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल को बेईमान साबित करने के इनके सारे हथकंडे विफल हो गए. केजरीवाल ने कहा, ” . मैं दिल्ली घूम रहा हूं, लेकिन एक बच्चा तक यह नहीं कहता है कि केजरीवाल बेईमान है. यहां तक आरएसएस और भाजपा के कट्टर कार्यकर्ता भी नहीं कहते हैं कि केजरीवाल बेईमान है.”

उन्होंने कहा, ” मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं, आपका बेटा-आपका भाई आ गया है, इन्होंने जितने काम ठप किए हैं, सारा काम दोबारा शुरू कराउंगा. इसके लिए जो करना पड़ेगा, करूंगा, लेकिन दिल्ली की जनता को परेशान नहीं होने दूंगा.” पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा वह हमेशा कहते हैं कि मोदी बहुत ताकतवर हैं और “उनके पास अथाह पैसा और संसाधन हैं, लेकिन मोदी जी भगवान नहीं हैं.” ‘आप’ नेता ने कहा, ” हालांकि इस दुनिया में कोई तो शक्ति हैं, जिसे कोई भगवान कहता है… वह शक्ति हमारे साथ है. मैं उच्चतम न्यायालय का धन्यवाद करता हूं. आज हमारे देश में न्याय व्यवस्था तो है.” केजरीवाल ने भाजपा के नेताओं को अभिमान नहीं करने और “भगवान से थोड़ा डरने” की सलाह दी.

केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने “फर्जी मामलों” में उन्हें, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह, विभव कुमार, विजय नायर को जेल में डाल दिया और कहा कि सबसे बड़े पांच नेताओं को जेल में डालने के बाद भी आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा, “मैं यह भी चुनौती देता हूं कि इनकी पार्टी के दो बड़े नेताओं को जेल मे डाल दें तो पूरी पार्टी टूट जाएगी.” ‘आप’ संयोजक ने कहा कि उन्हें सत्ता की कोई लालसा नहीं है और जेल से बाहर आने के बाद बिना किसी के मांगे उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया.

उन्होंने भाजपा के 75 साल की उम्र के बाद आधिकारिक पद नहीं देने के अघोषित नियम का हवाला देते हुए दावा किया “आरएसएस के एक वरिष्ठ नेता ने मुझे बताया कि आरएसएस ने अल्टीमेटम दे दिया है कि 75 साल का नियम तो लागू होगा, लेकिन वो (मोदी) मान नहीं रहे हैं. सत्ता का लालच छोड़ना बहुत मुश्किल है.” केजरीवाल ने कहा कि 75 साल का नियम तो उन्होंने खुद ही नियम बनाया और उस नियम के तहत वरिष्ठ नेताओं का इस्तीफा लिया गया. सार्वजनिक बसों से 10 हजार मार्शल हटाए जाने का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा ने गरीब परिवारों से आने वाले बस मार्शल हटा दिए.

उन्होंने कहा कि मर्शलों के होने बसों में सफर करने वाली महिलाओं को सुरक्षा मिलती थी, लेकिन बस मार्शलों के हटने के बाद स्थिति पहले जैसी हो गई. केजरीवाल ने भाजपा पर वृद्धावस्था पेंशन, बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा और अस्पतालों में मुफ्त दवाइयों जैसी कई योजनाओं को बाधित करने का आरोप लगाया. केजरीवाल ने प्रशासन पर उनके जेल जाने के बाद 11 हजार पेड़ काटने का भी आरोप लगाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu